पत्रकारों की सुरक्षा पर गृह मंत्रालय की अहम बैठक , झारखंड से शामिल होंगे IG ऑपरेशन नरेंद्र कुमार सिंह
रांची: दिल्ली CJP के प्रोटेस्ट में हुए पत्रकारों पर हमले के बाद पत्रकारों की सुरक्षा और उनसे जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा के लिए आज गृह मंत्रालय (भारत सरकार) की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जा रही है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होने वाली इस बैठक में देश भर से वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
झारखंड सरकार की ओर से इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रतिनिधित्व के लिए अधिकारियों के नामांकन में बदलाव किया गया है। राज्य गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी नए आदेश के तहत अब पुलिस महानिरीक्षक (ऑपरेशन) नरेंद्र कुमार सिंह झारखंड का पक्ष रखेंगे।
पूर्व नामांकन में हुआ संशोधन
विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस बैठक के लिए पहले पुलिस महानिरीक्षक (अपराध अनुसंधान विभाग / CID) अजय लिंडा को नामांकित किया गया था। हालांकि, अंतिम समय में संशोधन करते हुए अब उनकी जगह IG (ऑपरेशन) नरेंद्र कुमार सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।
गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के संयुक्त सचिव संजय पाण्डेय ने संशोधित नामांकन के संबंध में पत्र जारी कर दोनों संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भेज दिए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था और नीतिगत मुद्दों पर होगी चर्चा
जानकारी के मुताबिक केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में आयोजित इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पत्रकारों की कार्यस्थल पर सुरक्षा, उनके खिलाफ होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और राज्य स्तर पर सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने जैसे कई अहम पहलुओं पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।

















