रांची रेलवे स्टेशन पर 5 जिंदा सांपों के साथ दो गिरफ्तार, RPF की कार्रवाई

रांची रेलवे स्टेशन पर वन्यजीवों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन WILEP के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है। RPF की टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 5 जीवित सांप बरामद किए गए हैं।
बरामद सांपों में 2 लाल रेत बोआ (दोमुंहा सांप) और 3 चश्माधारी नाग शामिल हैं। घटना 13 अगस्त की है। RPF की टीम स्टेशन पर नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो युवक बांस की टोकरियां लेकर संदिग्ध अवस्था में नजर आए।

पूछताछ के दौरान दोनों की पहचान आनंद नाथ और अर्जू के रूप में हुई। संदेह के आधार पर जब बांस की टोकरियों की तलाशी ली गई तो उसमें जीवित सांप मिले। इसके बाद RPF ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
जंगल से पकड़कर लाए थे सांप
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि सांपों को जंगल से पकड़कर लाया गया था। उनका उद्देश्य सांपों का सार्वजनिक प्रदर्शन कर लोगों से पैसे कमाना था।
वन्यजीवों को पकड़ना, उनका परिवहन करना या उनका अवैध प्रदर्शन करना वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

वन विभाग को सौंपे गए आरोपी और सांप
RPF ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को बरामद पांचों जीवित सांपों और संबंधित दस्तावेजों के साथ आगे की कार्रवाई के लिए वन परिक्षेत्र पदाधिकारी, टिम्बर डिपो रेंज, रांची के सुपुर्द कर दिया है।
मामले में वन विभाग की ओर से आगे की जांच की जा रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि सांपों को कहां से पकड़ा गया था और इस मामले में कोई बड़ा वन्यजीव तस्करी नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।
















