महागामा में 16 वर्षीय किशोर की हत्या का खुलासा, दो महिलाएं गिरफ्तार

गोड्डा: महागामा थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर सूरज कुमार राय की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मीला देवी (34), पति सोनू राय, ग्राम मिल्की, थाना कहलगांव, जिला भागलपुर और सुगनी देवी (30), पति मोहन राय, ग्राम गोडिया, थाना महागामा, जिला गोड्डा शामिल हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को सूचना मिली थी कि गौरीकिता रघुनाथपुर स्थित पुल के पास एक शव पड़ा हुआ है। शव की पहचान तरडीहा निवासी सूरज कुमार राय, पिता स्व. राधे राय के रूप में हुई। इसके बाद महागामा थाना में कांड संख्या 151/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी मीला देवी के बीच पूर्व से संबंध था। कुछ माह पहले मीला देवी ने सूरज से मिलना-जुलना और फोन पर बातचीत बंद कर दी थी। इसके बावजूद सूरज लगातार उससे मिलने का प्रयास कर रहा था।।पुलिस का दावा है कि 9 अगस्त को सूरज आरोपी मीला देवी के घर पहुंचा था। इसके बाद मीला देवी ने अपनी बहन सुगनी देवी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और रात में शव को पुल के पास ले जाकर छोड़ दिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। इनमें मृतक का मोबाइल फोन, एक जोड़ी चप्पल और घटना में प्रयुक्त गमछा शामिल है। सभी सामान को विधिवत जब्त कर पुलिस द्वारा वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
















