गोड्डा में बाइक चोरी गिरोह का खुलासा, 12 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद; दो गिरफ्तार

गोड्डा: मेहरमा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न मामलों में चोरी की गई 12 मोटरसाइकिल समेत कुल 13 बाइक बरामद की हैं। इसके अलावा दो मास्टर चाबी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गोड्डा पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में संलिप्त भोला पंडित अपने साथी अभिषेक कुमार के साथ बाइक चोरी करने के लिए भगैया की ओर आया हुआ है। सूचना के आधार पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने दोनों संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गोड्डा और साहेबगंज जिले के अलावा बिहार के भागलपुर जिले के विभिन्न इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी की गई बाइकों को भागलपुर जिले के आसपास के क्षेत्रों में ले जाकर अनजान लोगों को बेचने की बात भी सामने आई है।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न कांडों में चोरी की गई छह हीरो स्प्लेंडर प्लस, चार हीरो सुपर स्प्लेंडर, दो हीरो ग्लैमर और एक हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस ने बताया कि इनमें एक मोटरसाइकिल का इस्तेमाल चोरी की घटनाओं में किया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोला पंडित (30 वर्ष), निवासी पुरानी साहेबगंज कुम्हार टोला, थाना नगर, साहेबगंज और अभिषेक कुमार (19 वर्ष), निवासी रामराय बाग, खूटहरी, थाना कहलगांव, भागलपुर (बिहार) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, भोला पंडित के खिलाफ गोड्डा, साहेबगंज और भागलपुर के विभिन्न थानों में चोरी, डकैती, हथियार अधिनियम समेत कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2026 में भी मेहरमा, बोआरीजोर और ललमटिया थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। वहीं अभिषेक कुमार के खिलाफ भी मेहरमा, बोआरीजोर और ललमटिया थानों में मोटरसाइकिल चोरी के मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के मालिकों की पहचान और चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

















