मेहरमा स्कूल चोरीकांड का खुलासा, तीन युवक गिरफ्तार; आठ पंखे और सीसीटीवी कैमरा बरामद

गोड्डा: गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र स्थित कन्या उच्च विद्यालय में चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए आठ पंखे और एक सीसीटीवी कैमरा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को कन्या उच्च विद्यालय, मेहरमा से आठ पंखे और एक सीसीटीवी कैमरा चोरी कर लिए गए थे। मामले में मेहरमा थाना में कांड संख्या 165/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महागामा एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने श्रीराम कुमार पासवान, मोनू कुमार और गोलू कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर चोरी गए सभी सामान बरामद कर लिए गए। इसके बाद तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रीराम कुमार पासवान (20), पिता पंकज पासवान, मोनू कुमार (करीब 19), पिता संजय कपूर और गोलू कुमार (करीब 19), पिता सुधांशु पासवान के रूप में हुई है। तीनों मेहरमा थाना क्षेत्र के बनौधा गांव के निवासी हैं।
छापेमारी दल में मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार गुप्ता और मनोज कुमार निराला, सहायक अवर निरीक्षक रमेश कुमार, सहदेव प्रसाद और मनोज कुमार रंजन सहित थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दुर्गा पूजा को लेकर रांची में फ्लैग मार्च, ड्रोन से संवेदनशील इलाकों की निगरानी
रांची: दुर्गा पूजा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने गुरुवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला।…

नेमरा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत माता रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म की रस्में निभाईं
रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित अपने पैतृक आवास पर दिवंगत माता रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म…
















