list-voters-who-did-not-provide

SIR के तहत दो बार सुनवाई के बाद भी दस्तावेज नहीं देने वाले मतदाताओं की सूची 22 अक्टूबर तक होगी तैयार

Share
Link copied
list-voters-who-did-not-provide
list-voters-who-did-not-provide

रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने 22 अक्टूबर तक उन मतदाताओं की बूथवार सूची तैयार करने का निर्देश दिया है, जिनके आवश्यक दस्तावेज दो बार नोटिस सुनवाई के बावजूद जमा नहीं हुए हैं। नवंबर के पहले सप्ताह में बीएलओ और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 की बैठक में यह सूची साझा की जाएगी। साथ ही संबंधित मतदान केंद्रों पर सूची का प्रकाशन भी किया जाएगा, ताकि मतदाताओं को जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने में मदद मिल सके।

गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से SIR कार्यों की समीक्षा करते हुए के. रवि कुमार ने कहा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि फॉर्म-6 के जरिए पंजीकरण के लिए आवेदन करने वाले ऐसे नए और युवा पात्र भारतीय नागरिकों की सूची अपने रजिस्टर में तैयार करें, जो घोषणा पत्र के लिए आवश्यक सहायक दस्तावेज उपलब्ध कराने में असमर्थ हैं। ऐसे आवेदकों से संपर्क कर उन्हें दस्तावेज जुटाने में सहायता देने को कहा गया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि सत्यापन के दौरान यदि किसी व्यक्ति का नाम दूसरे राज्य या विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज पाया जाता है और वह संबंधित मतदान केंद्र की सूची में अपना नाम नहीं रखना चाहता, तो नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर नाम विलोपित करने की कार्रवाई की जाए।

बैठक में फॉर्म-6 और फॉर्म-8 के आवेदनों के साथ-साथ नोटिस सुनवाई के बाद पारित स्पीकिंग ऑर्डर का ECINET पर डिजिटलीकरण तेज करने का निर्देश दिया गया। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने को कहा गया।

बैठक में राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, ईआरओ और एईआरओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।