changed-fortune-self-help-group-farm

स्वयं सहायता समूह से जुड़कर बदली तकदीर, खेती-बाड़ी से सालाना 1.20 लाख की कमाई

Share
Link copied
changed-fortune-self-help-group-farm
changed-fortune-self-help-group-farm

सिमडेगा: स्वयं सहायता समूह से जुड़कर खेती-बाड़ी और स्थानीय संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं बानो प्रखंड के उकाउली पंचायत अंतर्गत सिकोरदा गांव की प्यारी देवी। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) से जुड़ने के बाद उन्होंने खेती, अनानास उत्पादन, मछली पालन, बागवानी और वन उपज को आजीविका का साधन बनाया। इन गतिविधियों से वह सालाना करीब 1.20 लाख रुपये की कमाई कर रही हैं। उनकी मेहनत से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और बच्चों की शिक्षा को भी बेहतर आधार मिला है।

प्यारी देवी वर्ष 2017-18 में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। समूह के माध्यम से उन्हें प्रशिक्षण, बैंकिंग सुविधाओं और आजीविका के नए अवसरों की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने सब्जियों की खेती शुरू की और उपज को रांची ले जाकर बेचना शुरू किया। इससे बेहतर आमदनी होने पर उन्होंने अनानास की खेती भी शुरू कर दी। वर्तमान में अनानास उत्पादन से उन्हें सालाना 20 से 25 हजार रुपये तक की आय हो रही है।

खेती-बाड़ी से करीब 50 हजार रुपये, मछली पालन से 15 हजार रुपये, महुआ और कुसुम जैसी वन उपज से 20 हजार रुपये तथा आम-लीची की बागवानी से लगभग 20 हजार रुपये सालाना कमाई होती है। विभिन्न आजीविका गतिविधियों को अपनाकर उन्होंने आय के कई स्रोत विकसित किए हैं।

प्यारी देवी की मेहनत का सकारात्मक असर परिवार की आर्थिक स्थिति के साथ बच्चों की शिक्षा पर भी पड़ा है। उनकी बेटी ने बानो स्थित मदर टेरेसा नर्सिंग सेंटर के तीन वर्षीय नर्सिंग प्रशिक्षण में पूरे जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार का मान बढ़ा है और उनकी मेहनत को नई पहचान मिली है।

प्यारी देवी की कहानी ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा है। यह बताती है कि स्वयं सहायता समूह से जुड़कर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और स्थानीय संसाधनों के सदुपयोग से महिलाएं अपनी आमदनी बढ़ा सकती हैं। इससे न केवल परिवार आर्थिक रूप से मजबूत होता है, बल्कि बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के रास्ते भी खुलते हैं।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।