जेपीएससी-जेएसएससी कथित गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलनरत छात्रों ने निकाली तिरंगा यात्रा

रांची: जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को तिरंगा यात्रा निकाली। बड़ी संख्या में छात्र हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।

तिरंगा यात्रा से पहले छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में जलेबी बनाई। इसके बाद छात्रों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं। आंदोलनरत छात्रों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उनके लिए न्याय, अधिकार और पारदर्शिता के संकल्प का भी दिन है।


छात्रों का कहना है कि जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। इसी मांग को लेकर छात्र पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। तिरंगा यात्रा के दौरान भी छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर नारे लगाए।



















