श्री सर्वेश्वरी समूह ने हुटरी में किया 255 पौधों का वितरण एवं रोपण

रांची: श्री सर्वेश्वरी समूह, शाखा रांची की ओर से रविवार को चान्हो प्रखंड के ग्राम हुटरी, पंचायत ताला में “सर्वेश्वरी वृक्षारोपण अभियान-2026” के तीसरे चरण का आयोजन किया गया। इस दौरान आम, अमरूद, कटहल, महोगनी, आंवला और जामुन समेत विभिन्न प्रजातियों के कुल 255 पौधों का वितरण एवं रोपण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय ग्राम देवी के मंदिर में आरती-पूजन और दीपदान के साथ हुई। इसके बाद स्थानीय निवासी राम सेवक साहू की बाड़ी में पांच फलदार पौधों का रोपण किया गया।

इस अवसर पर ग्रामीणों के बीच लघु गोष्ठी आयोजित कर श्री सर्वेश्वरी समूह के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लगातार घट रहे वृक्षों के दुष्परिणामों से ग्रामीणों को अवगत कराया। साथ ही पौधों की देखभाल और संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक किया गया।

गोष्ठी के बाद ग्रामीणों के बीच करीब 250 पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में हुटरी निवासी राम सेवक साहू एवं ओम प्रकाश साहू का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा रांची के राधेश्याम सिंह, हेमंत नाथ शाहदेव, आनंद सिंह, आशुतोष कुमार, रंजीत सिंह, पवन कुमार, समरेंद्र सिंह, सुनील सिंह और द्वेद नाथ शाहदेव सहित करीब 25 श्रद्धालु-सदस्य उपस्थित रहे।



















