निर्माणाधीन मकान की छत से रॉड चोरी करते तीन युवक गिरफ्तार, जेल भेजे गए

निर्मल सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला: शहर के दुन्दरिया खटाल स्थित बैंक कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान की छत से लोहे के रॉड चोरी करते तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है।

जानकारी के अनुसार, तेज बारिश के बीच निर्माणाधीन मकान की छत से आवाज आने पर स्थानीय लोगों ने शोर मचाया। इस दौरान दो युवक मौके से फरार हो गए, जबकि आजाद बस्ती निवासी मुर्शीद अंसारी को लोगों ने पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुर्शीद को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। इसके बाद पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

गुमला थाना कांड संख्या 324/26 के तहत धारा 303(2)/304(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान खान (23), पिता मो. अफजल खान, मो. सुहैल खलीफा उर्फ चोली (21), पिता एनुल टेलर और मो. मुरसीद अंसारी (19), पिता मो. सरफुल अंसारी, सभी निवासी हुसैन नगर, आजाद बस्ती, गुमला के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 7/12 के 22 रिंग, 4/12 के 25 रिंग, एक रॉड कटर मशीन, प्लास और छेनी बरामद की है। पूछताछ में मुर्शीद ने कथित तौर पर ब्राउन शुगर के नशे की बात स्वीकार की है। उसने पुलिस को यह भी बताया कि इससे पहले करीब 20 किलो लोहा चोरी कर बाजारटांड़ के एक कबाड़ी को बेच चुका है। पुलिस अब कबाड़ी की भूमिका के साथ-साथ गिरफ्तार तीनों युवकों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
















