जयराम महतो की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा पुलिस एसोसिएशन, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

रांची: डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो और धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी के बीच विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन की विशेष शाखा ने विधायक जयराम महतो के खिलाफ दर्ज मामले में उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा है कि पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं होने पर संगठन आंदोलन और हड़ताल जैसे कदम उठाने पर विचार कर सकता है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
एसोसिएशन की ओर से 31 अगस्त को जारी पत्र में आरोप लगाया गया है कि 21 अगस्त 2026 की रात विधायक जयराम कुमार महतो ने अपने मोबाइल से बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को व्हाट्सऐप कॉल किया और कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी। पत्र के अनुसार, उसी रात विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे और थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार किया गया। थाना कार्यालय में रखे सामान को अस्त-व्यस्त करने और नेम प्लेट तोड़े जाने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस एसोसिएशन का कहना है कि विधायक की ओर से सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ कथित रूप से अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। एसोसिएशन ने इसे पुलिस बल के सम्मान और मनोबल को प्रभावित करने वाला बताया है। पत्र में बताया गया है कि मामले को लेकर बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26, दिनांक 22 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। एसोसिएशन ने मामले में विधायक जयराम महतो समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।
एसोसिएशन ने कहा है कि केंद्रीय कार्यालय, झारखंड पुलिस एसोसिएशन इस मामले को लेकर पहले ही समर्थन जता चुका है। यदि मामले का समाधान नहीं होता है, तो झारखंड पुलिस एसोसिएशन आंदोलन और हड़ताल करने का निर्णय भी ले सकता है।
















