लोअर बाजार थाना क्षेत्र में टाटा सफारी से मादक पदार्थ बेचने की सूचना पर हुई कार्रवाई, नकदी और मोबाइल भी बरामद

रांची: लोअर बाजार थाना क्षेत्र के डोम टोली तालाब पट्टी इलाके में पुलिस ने मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से करीब 16 ग्राम गांजा और 20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मिली सूचना के सत्यापन के बाद की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि डोम टोली निवासी मो. अनस कुरैशी सफेद रंग की टाटा सफारी (निबंधन संख्या JH10AX-6212) से मादक पदार्थ की बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के क्रम में 1 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने वाहन की जांच की। वाहन मालिक की पहचान अनस कुरैशी के रूप में होने के बाद उसकी और वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 16 ग्राम गांजा और 20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया। इसके अलावा 4,700 रुपये नकद, एक आईफोन-13 मोबाइल और टाटा सफारी वाहन भी जब्त किया गया है।

मामले में लोअर बाजार थाना कांड संख्या 150/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी मो. अनस कुरैशी (लगभग 24 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और धनबाद जिले के बरोरा थाना में उसके खिलाफ मामला दर्ज है। कार्रवाई में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह समेत पुलिस पदाधिकारियों और थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

















