सोनाहातु में तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दंपती को कुचला, दोनों की मौत
रांची। सोनाहातु थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसा बारेंदा टोला देवानसारणा के समीप सिल्ली-रंगामाटी मुख्य मार्ग पर हुआ। दुर्घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उसके पति ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के झालदा थाना क्षेत्र के कुशी पापड़ाहुडुम गांव निवासी रमेश महतो और उनकी पत्नी सिंधु वाला देवी (42) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों पति-पत्नी बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में सिंधु वाला देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, रमेश महतो को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सोनाहातु पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू की। दंपती की मौत की खबर मिलने के बाद परिजन और स्थानीय ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुट गए।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सिल्ली-रंगामाटी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित रहा। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण की मांग की।
बाद में पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों को समझाने के बाद सड़क जाम हटा लिया गया और मार्ग पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो गया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।


















