खूंटी : अपराध पर शिकंजा, लंबित कांडों के निपटारे में तेजी लाए पुलिस : SP
खूंटी में एसपी की अपराध गोष्ठी, NDPS-POCSO मामलों से लेकर अवैध खनन और अफीम की खेती पर सख्ती के निर्देश
खूंटी। जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों के अलावा थाना और ओपी प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान अपराध की मौजूदा स्थिति, लंबित कांडों के निष्पादन, न्यायालय में लंबित मामलों, मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई और अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की गई।
एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुसंधानाधीन कांडों का निर्धारित 60 और 90 दिनों की अवधि में समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। लंबे समय से लंबित मामलों की थाना स्तर पर नियमित समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर उनके निपटारे का निर्देश दिया गया।

कोर्ट में लंबित मामलों पर भी नजर
न्यायालय में लंबित मामलों में पुलिस पदाधिकारियों और संबंधित गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। एसपी ने प्रभावी गवाही और मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
करम और गणेश पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था
आगामी करम पूजा और गणेश पूजा विसर्जन को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ नियमित गश्ती और विधि-व्यवस्था पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया, ताकि पर्व के दौरान शांति और सौहार्द कायम रहे।
NDPS मामलों में संपत्ति की भी होगी जांच
मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। NDPS एक्ट के तहत आरोपपत्रित अभियुक्तों द्वारा अवैध कारोबार से अर्जित चल-अचल संपत्ति का ब्योरा जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, NDPS और PLFI से जुड़े मामलों में बरी हुए अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन कर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटाने को भी कहा गया।

POCSO के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश
POCSO एक्ट से जुड़े मामलों में फरार और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। एसपी ने ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया।
अफीम की खेती शुरू होने से पहले निगरानी
अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने के लिए संभावित क्षेत्रों की पहले से पहचान और सत्यापन करने का निर्देश दिया गया। यदि कहीं अवैध खेती पाई जाती है तो तत्काल नियमानुसार फसल नष्ट कराने के साथ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती
जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सघन कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने e-Beat Monitoring व्यवस्था को प्रभावी बनाने और बीट पुलिसकर्मियों के नियमित क्षेत्र भ्रमण को सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर अपराध से जुड़ी सूचनाओं को समय पर जुटाने पर भी जोर दिया गया।
डिजिटल साक्ष्यों के इस्तेमाल पर जोर
अनुसंधान के दौरान e-Sakshya का प्रभावी और नियमित उपयोग करने का निर्देश दिया गया। डिजिटल साक्ष्यों को नियमानुसार सुरक्षित रखने और उनका उचित तरीके से संकलन सुनिश्चित करने को कहा गया।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर भी फोकस
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमित वाहन जांच, यातायात नियमों का पालन कराने और आम लोगों के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
अपराध गोष्ठी में एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखने और आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने का निर्देश दिया।

















