30 लाख के इनामी TPC सुप्रीमो बृजेश गंझू की यूपी में मुठभेड़ में मौत, झारखंड पुलिस को दी गई सूचना

रांची: झारखंड के प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) के सुप्रीमो और 30 लाख रुपये के इनामी नक्सली बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता की उत्तर प्रदेश में मुठभेड़ के दौरान मौत हो गई। वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में रविवार तड़के हुई कार्रवाई में यूपी एटीएस की टीम से उसकी मुठभेड़ हुई। गोली लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

बृजेश गंझू के मारे जाने की जानकारी उत्तर प्रदेश की एसटीएफ की ओर से झारखंड पुलिस के वरीय अधिकारियों को दी गई है। यूपी एसटीएफ के आईजी प्रेम गौतम ने भी बृजेश गंझू के मुठभेड़ में मारे जाने की पुष्टि की है।

झारखंड पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, यूपी एटीएस को बृजेश गंझू के वाराणसी में होने की सूचना मिली थी। जानकारी मिली थी कि वह रविवार सुबह मोटरसाइकिल से एक निश्चित रास्ते से गुजरने वाला है। इसके बाद एटीएस टीम ने रामनगर थाना क्षेत्र के टेंगरा मोड़ स्थित लंका मैदान के आसपास घेराबंदी की।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब पांच बजे मोटरसाइकिल से पहुंचने पर टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, उसने रुकने के बजाय टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से गोलीबारी हुई। इसी दौरान बृजेश गंझू को गोली लगी। मुठभेड़ के दौरान बृजेश की ओर से की गई फायरिंग में एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं। दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

बृजेश गंझू झारखंड में लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की तलाश में था। राज्य पुलिस ने उस पर 30 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। TPC की गतिविधियों से जुड़े कई मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी। उसके खिलाफ झारखंड पुलिस के अलावा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भी जांच कर रही थी।

सुरक्षा एजेंसियां काफी समय से बृजेश गंझू की गतिविधियों और संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थीं। वाराणसी में उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद यूपी एटीएस ने कार्रवाई की, जिसमें मुठभेड़ के दौरान उसकी मौत हो गई।

रांची सहित पूरे झारखंड के कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे, हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र रांची के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज रांची सहित पूरे झारखंड में मौसम सक्रिय…

जमशेदपुर में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, कई घायल; तीन गंभीर
जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित नेपाली बस्ती में शनिवार देर शाम पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच…
















