major-theft-during-daylight-hours-siddagoda

सिदगोड़ा में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, टाटा स्टील कर्मी के क्वार्टर से 40 लाख के जेवरात और नकदी गायब

Share
Link copied

जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। क्रॉस रोड नंबर-20 स्थित क्वार्टर संख्या एल-4/11 में चोरों ने धावा बोलकर करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, क्वार्टर टाटा स्टील कर्मी सुब्रतो दास का है। उनकी पत्नी अंबिका दास पास स्थित रामकृष्ण मिशन स्कूल में शिक्षिका हैं। मंगलवार को घटना के समय सुब्रतो दास ड्यूटी पर थे, जबकि उनकी पत्नी स्कूल में थीं।

Advertisem
Advertisment

बताया गया कि दोपहर करीब 12:45 बजे सुब्रतो दास घर पहुंचे। अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि घर का अंदरूनी दरवाजा खुला हुआ था और कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने घर में रखी दो अलमारियों के ताले तोड़ दिए थे।

अलमारी की जांच करने पर करीब 30 हजार रुपये नकद और लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। इसके बाद परिवार ने तत्काल सिदगोड़ा थाना पुलिस को सूचना दी।

Advertisment
Advertisment

CCTV में संदिग्ध की गतिविधि कैद

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति क्वार्टर के पीछे की ओर से घर में प्रवेश करता और कुछ देर बाद वहां से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है।

Advertisment
Advertisment

पुलिस चोरी गए आभूषण और नकदी के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आसपास के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और संदिग्ध की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।