एमजीएम में नशे के कारोबार पर पुलिस की दबिश, 510 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्त

जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 510 पुड़िया ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के क्योंझर जिले के बड़बिल थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तम सिंह हाटिंग, मक्तमबेड़ा निवासी 32 वर्षीय सुरज थापा और बिरसानगर जोन नंबर-3 निवासी 25 वर्षीय करण कुमार के रूप में हुई है।

मामले का खुलासा पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार ने मंगलवार को पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि 22 सितंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज और रिपिट कॉलोनी के आसपास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है।

सूचना के सत्यापन के बाद पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने रिपिट कॉलोनी के पीछे काली मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दोनों युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान सुरज थापा के पास से 437 पुड़िया और करण कुमार के पास से 73 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सैमसंग टचस्क्रीन मोबाइल, एक नोकिया कीपैड मोबाइल और काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (जेएच05ईजे-5734) भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की है। इस संबंध में एमजीएम थाना में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, सुरज थापा के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और चोरी समेत कई मामले दर्ज हैं। ये मामले हाटगम्हरिया, मानगो, पोटका, सिदगोड़ा, मुसाबनी, जादूगोड़ा और घाटशिला थाना क्षेत्रों से संबंधित हैं। वहीं करण कुमार के खिलाफ बिरसानगर थाना में एनडीपीएस एक्ट और चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं।

छापेमारी टीम में एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक आनंद कुमार, सुगना मुंडा, नारकोटिक्स सेल के अमित कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मो. माजिद उद्दीन समेत एमजीएम थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।


लचरागढ़ में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, नौ गिरफ्तार, कई आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
सिमडेगा: कोलेबिरा थाना क्षेत्र के लचरागढ़ स्थित कोम्बाकेरा में पुलिस ने सोमवार देर रात जुए के अड्डे पर छापेमारी कर नौ लोगों…

बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का अंतिम मुख्य आरोपी सद्दाम अंसारी गिरफ्तार, कई जिलों में लूट की घटनाओं में रहा है शामिल
गोड्डा: नगर थाना क्षेत्र के कारगिल चौक के समीप 8 जुलाई को बंगाल ज्वेलर्स में हुई हथियारबंद लूट के मामले में पुलिस…
















