बिष्टुपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के 8 सदस्य गिरफ्तार

जमशेदपुर: बिष्टुपुर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बागबेड़ा, पोटका और कोवाली थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर चोरी की 21 बाइक और स्कूटी बरामद की हैं। मंगलवार को एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात सूचना मिली थी कि पीएम मॉल के पास दो युवक चोरी की स्कूटी लेकर घूम रहे हैं और किसी अन्य दोपहिया वाहन को चोरी करने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर बिष्टुपुर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर छापेमारी की और दोनों युवकों को पकड़ लिया। बरामद स्कूटी की जांच में उसके चोरी की होने की पुष्टि हुई। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू की। इसके बाद पुलिस टीम ने बागबेड़ा, पोटका और कोवाली थाना क्षेत्रों में कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान अलग-अलग जगहों से चोरी की 21 दोपहिया गाड़ियां बरामद की गईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागबेड़ा गांधी नगर निवासी महेश कुमार उर्फ गोलू, पोटका जोजोसाई निवासी मुनीराम मुर्मू और कारू मार्डी, बागबेड़ा लाल बिल्डिंग दुर्गा पंडाल निवासी विक्रांत साहनी और विक्रम साहनी, कोवाली नरदा निवासी अशोक पात्रो, कोवाली कुंदरूकोचा निवासी पेलाराम सरदार तथा कोवाली बोंगादुंगरी निवासी काशीनाथ सरदार के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के जुबली पार्क, नेचर पार्क, पीएम मॉल, नॉर्थ पार्किंग एरिया समेत अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए रजिस्ट्रेशन नंबर और नंबर प्लेट में बदलाव किया जाता था। पुलिस के मुताबिक चोरी के वाहनों को शहर से बाहर ग्रामीण इलाकों और पड़ोसी राज्य ओडिशा के सीमावर्ती गांवों में पहुंचाकर बेचने की बात सामने आई है।

पुलिस बरामद वाहनों के इंजन और चेचिस नंबर के साथ उनके रजिस्ट्रेशन विवरण का सत्यापन कर रही है। इसके जरिए इन वाहनों का विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से संबंध जोड़ा जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि बरामद 21 दोपहिया वाहनों से कई पुराने चोरी के मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

वहीं, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी के वाहनों को छिपाने, खरीद-बिक्री करने और दूसरे इलाकों तक पहुंचाने में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है और मामले की जांच जारी है।


मोबाइल छिनतई के मामले में आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और बाइक बरामद
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर-15 स्थित ब्रह्म पथ के पास युवती से मोबाइल छिनतई के मामले का पुलिस…

न्याय संहिता डैशबोर्ड में सिमडेगा पुलिस का परचम, 64.74 अंक के साथ झारखंड में प्रथम
सिमडेगा: डिजिटल पुलिसिंग और आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल के क्षेत्र में सिमडेगा पुलिस ने झारखंड में पहला स्थान हासिल किया है।…
















