तमाड़ में तीन ट्रकों की भिड़ंत, छह घंटे बाद केबिन से निकाला गया चालक
रांची। तमाड़ थाना क्षेत्र में एनएच पर बुधवार की देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। करीब दो बजे तीन ट्रक एक-दूसरे से टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दो वाहनों के चालक अपने-अपने केबिन में बुरी तरह फंस गए। बताया जा रहा है कि जमशेदपुर की ओर से रांची जा रहे एक ट्रक को पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। इसी दौरान तीसरा ट्रक भी दूसरे वाहन से जा भिड़ा। हादसे के बाद दोनों ट्रकों के आगे का हिस्सा बुरी तरह दब गया, जिससे चालकों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद तमाड़ पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत-बचाव का काम शुरू किया गया। एक चालक को प्रयास के बाद बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दूसरे चालक को निकालने में काफी समय लगा। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद सुबह आठ बजे उसे क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला जा सका। हादसे में एक चालक के पैर में चोट लगी है और उसके पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। घायल को तत्काल तमाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने और यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारण कुछ समय तक एनएच पर आवागमन प्रभावित रहा।
350 छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल: गुड़ाबांदा आवासीय विद्यालय में रात को घुसा हाथी, बाउंड्री वॉल और मेन गेट तोड़कर निकला
जमशेदपुर जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड में जंगली हाथियों की आवाजाही अब सरकारी आवासीय विद्यालय तक पहुंच गई है। मंगलवार देर रात करीब…

करम डाली विसर्जन के दौरान भौंरों का हमला, बच्चों समेत दर्जनों ग्रामीण घायल
कोडरमा। सतगावां थाना क्षेत्र की खुट्टा पंचायत के मनोरथडीह गांव में बुधवार सुबह करम डाली विसर्जन के दौरान अचानक भौंरों के झुंड…


















