11वें आयुर्वेद दिवस पर कार्यक्रम, स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद अपनाने का संदेश

रांची: 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर बुधवार को “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक आयुष दिनेश कुमार यादव ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन, वैज्ञानिक एवं समग्र चिकित्सा पद्धति है। यह केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक शांति के माध्यम से निरोगी जीवन की दिशा दिखाता है।

उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, अनियमित खान-पान और तनाव के कारण विभिन्न बीमारियां बढ़ रही हैं। ऐसे में आयुर्वेद की उपयोगिता और बढ़ जाती है। उन्होंने आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आयुष सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।

दिनेश कुमार यादव ने कहा कि आयुर्वेद दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि आयुर्वेद के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाने का अवसर है। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों और सामुदायिक स्तर पर आयुर्वेद एवं योग से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में उप निदेशक (आयुर्वेद) डॉ. कृष्ण कुमार ने आयुर्वेद के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। डॉ. वकील कुमार सिंह ने आयुर्वेद के महत्व पर विस्तृत जानकारी साझा की। इस अवसर पर औषधीय पौधों का रोपण भी किया गया।

कार्यक्रम में यूनानी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. फजलुस समी, होम्योपैथिक चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निर्मल कुमार, राज्य समन्वयक डॉ. अनुज कुमार मंडल सहित रांची जिले के आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी, योग प्रशिक्षक तथा आयुष निदेशालय एवं जिला संयुक्त औषधालय के कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन डॉ. कृष्ण कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


हजारीबाग के विकास दावों पर भाजपा नेता भैया अभिमन्यु प्रसाद ने उठाए सवाल
सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन सुविधाओं को लेकर सरकार व जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना हजारीबाग। जिले में विकास कार्यों…

चुनाव आयोग ‘वन-मैन शो’ बन गया है, ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करें : विनोद पांडेय
रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सामने आई एक मीडिया…
















