Yoga: The Foundation of a Healthy, Balanced, and Stress-Free Life – PDJ Rajiv Kumar Sinha

योग स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन का आधार : पीडीजे राजीव कुमार सिन्हा

Share
Link copied
Yoga: The Foundation of a Healthy, Balanced, and Stress-Free Life – PDJ Rajiv Kumar Sinha
Yoga: The Foundation of a Healthy, Balanced, and Stress-Free Life – PDJ Rajiv Kumar Sinha

शंभू कुमार सिंह 

सिमडेगा: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) द्वारा जिले के विभिन्न संस्थानों एवं प्रखंडों में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के महत्व से अवगत कराना तथा स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा ने मंडल कारा में आयोजित योग कार्यक्रम में कैदियों और कारा कर्मियों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, अवसाद और विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और जीवन में संतुलन बना रहता है।

उन्होंने कहा कि योग समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए उपयोगी है। यदि लोग प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालें, तो अनेक रोगों से बचा जा सकता है और बेहतर जीवन जिया जा सकता है।

कार्यक्रम के तहत एडीजे नरंजन सिंह ने प्लेस ऑफ सेफ्टी में आयोजित योग सत्र में भाग लिया। वहीं, सीजेएम निताशा बारला ने मंडल कारा के महिला वार्ड में महिलाओं को योग के लाभों की जानकारी देते हुए योगाभ्यास कराया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम ने ओल्ड एज होम में आयोजित कार्यक्रम में बुजुर्गों के साथ योग किया और स्वास्थ्य संरक्षण में योग की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाली एक समग्र प्रक्रिया है। योग मानसिक शांति प्रदान करता है और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक होता है। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।

इसके अलावा न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सुभाष बाड़ा ने सहयोग विलेज बालक गृह में बच्चों के साथ योगाभ्यास किया, जबकि अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी सुम्मी बीणा होरो सहयोग विलेज बालिका गृह में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं।

जिला मुख्यालय के साथ-साथ विभिन्न प्रखंडों में भी योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पारा लीगल वॉलेंटियर्स ने सक्रिय भागीदारी निभाई और लोगों को योग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने के लिए प्रेरित किया।

योग दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने स्वस्थ जीवनशैली और योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।