गोलमुरी कैनरा बैंक डकैती में बड़ा खुलासा, 42 लाख नकद और करीब 20 किलो सोना लूटे जाने की बात सामने आई

जमशेदपुर: गोलमुरी स्थित कैनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई डकैती की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। प्रारंभिक जांच में करीब 42 लाख रुपये नकद और लगभग 20 किलो सोने के आभूषण लूटे जाने की बात सामने आई है। हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद पुलिस ने बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, फुटेज में कई अपराधियों की गतिविधियां और चेहरे काफी हद तक स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के अलावा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान के करीब पहुंच गई है।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की है। टीम में विभिन्न पुलिस अधिकारियों के साथ तकनीकी विशेषज्ञों को भी शामिल किया गया है। संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अपराधियों के बैंक पहुंचने से लेकर वारदात के बाद फरार होने तक की पूरी गतिविधियों की जांच कर रही है। उनके संभावित भागने के रास्तों पर भी नजर रखी जा रही है। आसपास के जिलों की पुलिस को अलर्ट करते हुए प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच की जा रही है।

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि अपराधियों को बैंक में मौजूद नकदी और सोने के आभूषणों की जानकारी कैसे मिली। पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले बैंक की रेकी की गई होगी। इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और संदिग्धों के आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस की प्राथमिकता अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने और लूटे गए नकद व सोने की बरामदगी करना है।

हिसाग के वृद्धा आश्रम में जरूरतमंद माताओं के बीच फल व खाद्य सामग्री का वितरण
रांची: श्री सर्वेश्वरी समूह, शाखा रांची के महिला संगठन की ओर से गुरुवार को ग्राम हिसाग स्थित ‘अपना घर-वृद्धा आश्रम’ में सेवा…

तालाब में डूबने से छात्र की मौत, वनांचल शिशु विद्या मंदिर प्रशासन ने रखा पक्ष
प्रबंधन का दावा- सुरक्षा में नहीं हुई लापरवाही, गेंद निकालने के दौरान तालाब में गिरा था छात्र हजारीबाग। शहर के जबरा रोड…
















