तालाब में डूबने से छात्र की मौत, वनांचल शिशु विद्या मंदिर प्रशासन ने रखा पक्ष
प्रबंधन का दावा- सुरक्षा में नहीं हुई लापरवाही, गेंद निकालने के दौरान तालाब में गिरा था छात्र
हजारीबाग। शहर के जबरा रोड स्थित वनांचल शिशु विद्या मंदिर परिसर में बुधवार रात तालाब में डूबने से तीसरी कक्षा के छात्र अर्पित कुमार सिंह की मौत के मामले में गुरुवार को विद्यालय प्रशासन ने प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष रखा। विद्यालय प्रबंधन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि हादसे में विद्यालय की ओर से सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई थी। विद्यालय के निदेशक अजीत कुमार ने बताया कि अर्पित कुमार सिंह कक्षा तीन का छात्र था और पढ़ाई के साथ परिसर में बने आवासीय क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहता था।

प्रबंधन के अनुसार, बुधवार शाम अर्पित अपने भाई-बहनों के साथ परिसर में खेल रहा था। इसी दौरान उसकी प्लास्टिक की गेंद तालाब की ओर चली गई। गेंद वापस लाने के प्रयास में बच्चा तालाब के चारों ओर बनी सुरक्षा दीवार पर चढ़ गया। इसी दौरान उसका हाथ या पैर फिसल गया और वह तालाब के गहरे पानी में जा गिरा।

तालाब के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था का दावा
विद्यालय प्रशासन ने दावा किया कि तालाब की सुरक्षा के लिए चारों तरफ 10 फीट से अधिक ऊंची बैरिकेडिंग/चारदीवारी की गई है। प्रबंधन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद बच्चा गेंद निकालने के प्रयास में दीवार तक पहुंच गया। निदेशक के मुताबिक, घटना के समय बच्चे की मां ने उसे तालाब में गिरते हुए देख लिया। उन्होंने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद बच्चे को तालाब से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए पहले निजी अस्पताल और फिर हजारीबाग सदर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को बताया भ्रामक
विद्यालय प्रशासन ने घटना के बाद सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही विभिन्न खबरों और दावों को लेकर भी अपना पक्ष रखा। निदेशक अजीत कुमार ने कहा कि हादसे के बाद घटना को लेकर कई तरह की अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित होने लगी थीं। विद्यालय प्रबंधन ने इन्हें स्पष्ट करने और अपनी ओर से घटना की वास्तविक स्थिति बताने के लिए प्रेस वार्ता की।

स्कूल की जांच करने पहुंचे डीसी मनीष कुमार, खुद बने शिक्षक और ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाया गणित
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार गुरुवार को मनोहरपुर प्रखंड के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने एसएसआईपी प्लस टू उच्च…

जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का निधन
नएच पर हुआ दर्दनाक हादसा, पुलिस ने शुरू की जांच; मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने जताया शोक जमशेदपुर। झारखंड के…


















