पुलिस अधिकारियों के आवास के करीब सेल अधिकारी के घर सेंधमारी, 10 लाख के जेवरात समेत नकदी और सामान चोरी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए सेल अधिकारी के सरकारी आवास में बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। डी-टाइप कॉलोनी स्थित आवास संख्या डी-33 में 24 और 25 सितंबर की मध्यरात्रि चोरों ने चार ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया और करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, मोबाइल फोन और करीब 15 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गये। पीड़ित सेल अधिकारी राहुल यादव घटना के समय अपने परिवार के साथ दुर्गापुर गये हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद सरकारी आवास को निशाना बनाया।

बताया गया कि चोरों ने आवास के तीन दरवाजों पर लगे कुल चार तालों को तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद वे घर में रखे गोदरेज तक पहुंचे। चोरों ने गोदरेज को तोड़ा नहीं, बल्कि किसी तरीके से उसे खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान निकाल लिये। घर के अन्य सामानों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचाया गया।

घटना से पहले चोरों ने घर के बाहर जल रहे दो बल्बों को खोलकर नीचे रख दिया था। इससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने आसपास की स्थिति की जानकारी ली थी और अंधेरे का फायदा उठाने की तैयारी की थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाके में भी जानकारी जुटा रही है।

चोरी की घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है, क्योंकि जिस डी-टाइप कॉलोनी में वारदात हुई, वहां सेल किरीबुरू और मेघाहातुबुरू के कई वरिष्ठ अधिकारी रहते हैं। राहुल यादव के आवास के पीछे पुलिस इंस्पेक्टर का कार्यालय और आवास बताया गया है। वहीं करीब 100 से 150 मीटर की दूरी पर एसडीपीओ का आवास और कार्यालय भी स्थित है। पुलिस अधिकारियों के आवास और कार्यालय के इतने करीब चोरी की घटना से रात की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, किरीबुरू और आसपास के क्षेत्रों में पिछले करीब एक महीने के दौरान चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। अंग्रेजी शराब दुकान समेत कई दुकानों में चोरी के अलावा मेघाहातुबुरू सामुदायिक भवन, केबल टीवी कंट्रोल रूम, मेंटेनेंस कार्यालय और बराईबुरू क्षेत्र में वाहनों से बैटरी चोरी की घटनाएं भी हुई हैं। कुछ मामलों में संदिग्धों के सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात भी सामने आई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच सेल अधिकारी के आवास में हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

एमपी-छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन, यूपी की ओर बढ़ेगा; अगले 12 घंटे में कमजोर होने के संकेत
उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तर छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन शनिवार सुबह भी सक्रिय है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)…

पूजा सिंघल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं, मनी लॉन्ड्रिंग केस में ट्रायल रहेगा जारी
रांची। झारखंड कैडर की आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट से तत्काल राहत नहीं मिली है। सुप्रीम…
















