हुसैनाबाद थाना हाजत से हथकड़ी-रस्सी समेत आरोपी फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश

पलामू: हुसैनाबाद थाना हाजत में रखे गए एक आरोपी के पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी के हाथ में हथकड़ी लगी थी और वह रस्सी से भी बंधा हुआ था। पेट दर्द की शिकायत के बाद उसे इलाज के लिए हाजत से बाहर निकाला गया था। इसी दौरान वह सुरक्षा में तैनात चौकीदार को धक्का देकर भाग निकला। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 198/26 में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अप्राथमिकी अभियुक्त रीतेश कुमार, पिता अनिल सिंह, निवासी पीपरा बगाही, थाना कुटुंबा, जिला औरंगाबाद (बिहार) को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे हुसैनाबाद थाना हाजत में रखा गया था।

बताया गया कि रीतेश कुमार ने पेट में दर्द होने की शिकायत की। इसके बाद उसकी सुरक्षा में तैनात चौकीदार उसे इलाज के लिए हाजत से बाहर लेकर जा रहा था। इसी दौरान आरोपी ने चौकीदार को धक्का दिया और हथकड़ी व रस्सी समेत मौके से फरार हो गया।

आरोपी के भागने के बाद पुलिस बल और चौकीदार ने उसका पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा। घटना के संबंध में ओडी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिया है। आवेदन के आधार पर फरार आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही उसके भागने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

जितिया व्रत 3 अक्टूबर को: संतान की लंबी उम्र के लिए मां रखती हैं निर्जला उपवास, जानें जीमूतवाहन की कथा
सुप्रिया पाठक रांची: संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर माताओं द्वारा रखा जाने वाला जितिया व्रत…

रांची के चुटिया में ज्वेलरी दुकान के बाहर बवाल, स्थानीय युवकों और दुकानदार पक्ष में भिड़ंत; मारपीट के बाद इलाके में तनाव
रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित पावर चौक के पास ज्वेलरी दुकान को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक…
















