हरेलाल महतो के जाने से आजसू पर असर नहीं, चंद्रगुप्त सिंह बोले- राजनीति में नेताओं का आना-जाना लगा रहता है

जमशेदपुर: आजसू पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हरेलाल महतो के पार्टी छोड़ने के बाद संगठन में किसी तरह की बेचैनी से केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह ने इनकार किया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में नेताओं का आना-जाना लगा रहता है और किसी एक नेता के पार्टी छोड़ने से संगठन की विचारधारा या कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर कोई खास असर नहीं पड़ता।

चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि संभव है कि हरेलाल महतो को किसी दूसरे राजनीतिक मंच पर अपना भविष्य बेहतर नजर आया हो, इसलिए उन्होंने आजसू से अलग होने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने संगठन और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर आगे भी मजबूती से काम करती रहेगी। आजसू के भाजपा में विलय की चर्चाओं पर चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में पार्टी का किसी राजनीतिक दल में विलय होता भी है तो वह सामान्य कार्यकर्ता के रूप में संगठन की सेवा करते रहेंगे। उनके लिए पद से अधिक महत्वपूर्ण पार्टी और संगठन के प्रति निष्ठा है।

अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह वर्ष 1973 से राजनीति में सक्रिय हैं और जिस भी दल या स्थान पर रहे, पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि अब उनकी विधायक या सांसद बनने की कोई महत्वाकांक्षा नहीं है। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की अपनी पुरानी इच्छा पर चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि यह क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का रहा है और अब उनकी पुत्रवधू के विधायक होने के कारण उन्होंने चुनाव लड़ने की इच्छा छोड़ दी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जहां हैं, वहां सम्मान मिल रहा है और अब किसी राजनीतिक पद की इच्छा नहीं है।

राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए चंद्रगुप्त सिंह ने बेरोजगारी और युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा कि रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने से कई युवा अपराध और नशे की ओर बढ़ रहे हैं। इसका असर परिवार और समाज पर भी पड़ रहा है. उन्होंने सरकार से रोजगार के अवसर बढ़ाने, बेरोजगारी दूर करने और विकास की गति तेज करने को प्राथमिकता देने की अपील की। उनके मुताबिक रोजगार और विकास की स्थिति बेहतर होने से राज्य की कानून-व्यवस्था में भी सुधार आएगा।

धनबाद में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशिक्षण, SHG सदस्यों और खाद्य निर्माताओं को दिए गए जरूरी टिप्स
धनबाद। जिले में खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से स्वयं सहायता…

गवई ब्रिज पर पुलिस की दबिश, कार से संदिग्ध रासायनिक पदार्थ बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार
बोकारो: पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के गवई ब्रिज पर एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार से चार बोतलों में संदिग्ध…
















