harelal-mahatos-resignation-ajsu-ichagarh-politics

आजसू से हरेलाल महतो का इस्तीफा, 11 अक्टूबर को भाजपा में शामिल होने की चर्चा से ईचागढ़ की सियासत गरम

Share
Link copied
harelal-mahatos-resignation-ajsu-ichagarh-politics
harelal-mahatos-resignation-ajsu-ichagarh-politics

जमशेदपुर: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में शनिवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया। आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव और ईचागढ़ से 2019 व 2024 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके हरेलाल महतो ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और केंद्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 26 सितंबर को आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो के नाम अपना त्यागपत्र भेजा। हरेलाल महतो के इस्तीफे के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वह 11 अक्टूबर को भाजपा का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, भाजपा में शामिल होने को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

Advertisment
Advertisment

हरेलाल महतो ने वर्ष 2019 में आजसू के टिकट पर पहली बार ईचागढ़ विधानसभा चुनाव लड़ा था। उन्हें 38,836 वोट मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे। चुनाव में झामुमो की सविता महतो 57,546 वोट हासिल कर विजयी हुई थीं, जबकि भाजपा के साधु चरण महतो को 38,485 वोट मिले थे। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में आजसू ने दोबारा हरेलाल महतो पर भरोसा जताया। इस बार उन्हें 51,029 वोट मिले, लेकिन वह फिर दूसरे स्थान पर रहे। सविता महतो ने 77,552 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। इस तरह 2019 की तुलना में 2024 में हरेलाल महतो के वोटों में 12,193 की बढ़ोतरी हुई।

Advertisment
Advertisment

राजनीति में सक्रिय होने से पहले हरेलाल महतो सामाजिक गतिविधियों के जरिए क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके थे। ‘जन सेवा ही लक्ष्य’ संस्था के माध्यम से उन्होंने एंबुलेंस सेवा, पेयजल उपलब्ध कराने और जरूरतमंदों की सहायता सहित कई सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। चांडिल, नीमडीह और ईचागढ़ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने की पहल भी उनके सामाजिक कार्यों का हिस्सा रही है।

Advertisment
Advertisment

खेल गतिविधियों में भी उनकी सक्रियता रही है। छह अक्टूबर को उनके जन्मदिन के अवसर पर धातकीडीह गांव में फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाती रही है। प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ बच्चों के बीच साइकिल वितरण समेत अन्य सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते रहे हैं।

Advertisment
Advertisment

अपने त्यागपत्र में हरेलाल महतो ने आजसू नेतृत्व, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी से उनका जुड़ाव हमेशा सम्मान और गौरव का विषय रहा। पार्टी ने उन्हें 2019 और 2024 में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का अवसर दिया। इसके अलावा विभिन्न विधानसभा उपचुनावों में प्रभारी और सह-प्रभारी के रूप में भी उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियां मिलीं। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और केंद्रीय महासचिव पद से इस्तीफा देने की बात कही है।

RKDF
advertisement

हरेलाल महतो के इस्तीफे के बाद ईचागढ़ के साथ-साथ कोल्हान की राजनीति में भी इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खासकर 11 अक्टूबर को भाजपा में संभावित शामिल होने की चर्चा ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। हालांकि, भाजपा में शामिल होने और इसके बाद उनकी संभावित भूमिका को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में उनके अगले राजनीतिक कदम पर क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।