statue-maa-durga-108-mouths-121

झारखंड में पहली बार 108 मुख और 121 हाथों वाली मां दुर्गा की प्रतिमा होगी स्थापित

Share
Link copied

परसुडीह शिव मंदिर में 3.50 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही भव्य प्रतिमा, गणेश जन्म से पुनर्जीवन तक की कथा मॉडल के जरिए होगी प्रदर्शित

जमशेदपुर। परसुडीह स्थित श्री शिव मंदिर परिसर में इस वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन खास होने जा रहा है। पूजा कमेटी की ओर से यहां मां दुर्गा की 108 मुख और 121 हाथों वाली भव्य प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। पूजा आयोजकों का दावा है कि झारखंड में इस तरह के स्वरूप वाली मां दुर्गा की प्रतिमा पहली बार स्थापित की जा रही है।
करीब 3.50 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही इस अनोखी प्रतिमा का निर्माण पश्चिम बंगाल से आए कारीगर कर रहे हैं। प्रतिमा में मां दुर्गा के 108 मुख और 121 हाथों को अलग-अलग शक्तियों और स्वरूपों के प्रतीक के रूप में दर्शाया जा रहा है। प्रतिमा की विशालता और अनोखी बनावट इसे पूजा के दौरान विशेष आकर्षण का केंद्र बनाने की तैयारी है।

RKDF
advertisement

108 संख्या का धार्मिक महत्व

पूजा आयोजकों के अनुसार हिंदू धार्मिक परंपराओं में 108 संख्या का विशेष महत्व माना जाता है। मंत्र जाप, माला, पूजा-पाठ और विभिन्न आध्यात्मिक परंपराओं में 108 का प्रयोग व्यापक रूप से होता है। इसी धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए मां दुर्गा के स्वरूप में 108 मुखों को शामिल किया गया है। वहीं, 121 हाथों के माध्यम से मां दुर्गा की शक्ति और उनके विभिन्न स्वरूपों को प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित करने का प्रयास किया जा रहा है।

गणेश जन्म से पुनर्जीवन तक की कहानी दिखेगी

इस बार पूजा पंडाल की थीम भी श्रद्धालुओं के लिए खास होगी। पंडाल में भगवान गणेश के जन्म से लेकर उनके पुनर्जीवन तक की कथा को मॉडल के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। पंडाल में धार्मिक प्रसंगों को अलग-अलग दृश्यों के जरिए तैयार करने की योजना है, ताकि श्रद्धालु भगवान गणेश से जुड़ी पूरी कथा को दृश्य रूप में देख सकें।

हर साल कुछ नया करने की कोशिश

पूजा कमेटी के सदस्यों के अनुसार हर वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान कुछ नया और अलग करने का प्रयास किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष मां दुर्गा के 108 मुख और 121 हाथों वाले स्वरूप को चुना गया है। आयोजकों को उम्मीद है कि प्रतिमा और पंडाल की विशेष थीम दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।