samtoli-road-will-be-rejuvenated-construction

सामटोली रोड का होगा कायाकल्प, 1.74 करोड़ की लागत से शुरू होगा निर्माण, स्कूली बच्चों समेत हजारों लोगों को मिलेगी राहत

Share
Link copied
samtoli-road-will-be-rejuvenated-construction
samtoli-road-will-be-rejuvenated-construction

सिमडेगा: वर्षों से जर्जर सामटोली रोड की समस्या अब दूर होने की उम्मीद जगी है। करीब 1 करोड़ 74 लाख 88 हजार 600 रुपये की लागत से बनने वाली सामटोली रोड के निर्माण कार्य का बुधवार को शिलान्यास किया गया। विधायक भूषण बाड़ा समेत जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर, शिलापट्ट का अनावरण और नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। विधायक ने बताया कि गुरुवार से सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Advertisment
Advertisment

सामटोली रोड शहर के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। इस रास्ते से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। सड़क के आसपास कई शिक्षण संस्थान और चर्च होने के कारण स्कूली बच्चों, स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की आवाजाही भी रहती है। लंबे समय से सड़क की जर्जर स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। बारिश के दौरान जलजमाव और कीचड़ के कारण पैदल चलने वालों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती थी।

Advertisment
Advertisment

सड़क निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोग कई बार आवाज उठा चुके हैं। नगर परिषद के प्रयास से अब सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई है। निर्माण पूरा होने के बाद आवागमन सुगम होने के साथ जलजमाव और कीचड़ की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Advertisment
Advertisment

नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा ने कहा कि चुनाव के दौरान शहरवासियों से किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। सामटोली रोड लंबे समय से शहरवासियों की बड़ी समस्या बनी हुई थी। बरसात में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती थी। अब इसके स्थायी समाधान की दिशा में काम शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य सिमडेगा को बेहतर सड़क, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं से लैस कर व्यवस्थित, स्वच्छ और सुंदर शहर के रूप में विकसित करना है।

Advertisment
Advertisment

नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल ने कहा कि सड़क बनने से स्थानीय लोगों के साथ विद्यार्थियों को भी काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसे शहर के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य बताया। सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि बुधवार को सड़क निर्माण का शिलान्यास किया गया है और गुरुवार से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से शीघ्र राहत मिल सके।

RKDF
advertisement

शिलान्यास के बाद स्थानीय लोगों में भी खुशी है। लोगों को उम्मीद है कि सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा होगा और सामटोली रोड शहर का बेहतर व सुगम संपर्क मार्ग बन सकेगा। शिलान्यास कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा, उपाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि अमित डुंगडुंग, वार्ड पार्षद कुलदीप किंडो, राकेश लकड़ा, जेवियर फ्रांसिस समेत अन्य लोग मौजूद थे।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।