जमशेदपुर में नशे और सट्टेबाजी के खिलाफ चलेगा जनअभियान, मनोज सिंह संभालेंगे कमान

जमशेदपुर: शहर में ड्रग्स और सट्टेबाजी के बढ़ते खतरे के खिलाफ व्यापक जनअभियान चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर इस अभियान को संगठित रूप देने के लिए 11 सदस्यीय गैर-राजनीतिक संगठन का गठन किया जाएगा। पूर्व आईएएस (एलाइड) मनोज सिंह को प्रस्तावित संगठन का संयोजक बनाने का निर्णय लिया गया है। अभियान के तहत गोपनीय हेल्पलाइन शुरू करने के साथ युवाओं और आम लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शुक्रवार को बारीडीह स्थित विधायक कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन में अधिवक्ताओं, काउंसलरों, पूर्व सैनिकों, पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के अन्य जागरूक लोगों को शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य नशे और सट्टेबाजी के खिलाफ सामाजिक भागीदारी बढ़ाना और इन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करना है।

अभियान के तहत ड्रग्स और सट्टेबाजी से जुड़ी सूचनाएं प्राप्त करने के लिए गोपनीय हेल्पलाइन शुरू करने पर सहमति बनी। हेल्पलाइन के माध्यम से मिलने वाली जानकारियों की गोपनीयता बनाए रखने पर जोर दिया गया। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जाएगी।

युवाओं को नशे और सट्टेबाजी के दुष्परिणामों से बचाने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। वहीं, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक, पंपलेट वितरण और जनसंवाद के जरिए लोगों को इस अभियान से जोड़ने की योजना है। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नशे और सट्टेबाजी जैसी सामाजिक समस्याओं से निपटने के लिए केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी, लगातार जागरूकता और प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय जरूरी है।

गौरतलब है कि दो अक्टूबर को आयोजित विचार क्रांति सम्मेलन के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने के लिए यह पहल की जा रही है। बैठक में सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, नीरज सिंह, विवेक पाण्डेय, सतीश सिंह, अमित शर्मा, अमृता मिश्रा, रीना डे, पूजा महानंद, मंजू सिंह, जीतू सिंह, अरविंद चौधरी, राघवेंद्र सिंह, गोल्डन पाण्डेय, विकास रजक, प्रवीण सिंह, विकास साहनी, शेषनाथ पाठक, चुन्नू भूमिज और शमशाद खान समेत अन्य लोग मौजूद थे।

मुरही के बोरों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 950 लीटर अवैध शराब जब्त
चतरा: प्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ी है। जोरी–प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर जोगियारा गांव के समीप…

सिमडेगा में चार महीने में खुले 16 हजार बचत खाते, डिजिटल बैंकिंग से जुड़े 65 हजार से अधिक लोग
सिमडेगा: कभी चिट्ठियों और मनीऑर्डर तक सीमित रहने वाला डाकघर अब डिजिटल बैंकिंग, बीमा और आधार जैसी आधुनिक सेवाओं का केंद्र बन…















