demand-removal-gyanesh-kumar-congress-observes

ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग, कांग्रेस ने मनाया काला दिवस; डीसी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन

Share
Link copied

जमशेदपुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को काला दिवस मनाया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने किया। प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता काले कपड़े पहनकर पहुंचे थे। उनके हाथों में पोस्टर और तख्तियां थीं, जिनके माध्यम से चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ और ‘वोट हमारा, अधिकार हमारा’ जैसे नारे लगाए।

चुनावी पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकार का मुद्दा उठाया

कांग्रेस नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों और वोट चोरी के आरोपों का हवाला देते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। प्रदर्शन के दौरान विपक्ष के नेताओं और सांसदों के खिलाफ कथित कार्रवाई का भी विरोध किया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और विपक्ष की आवाज से जुड़ा मुद्दा बताते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।

कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता हुए शामिल

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे और पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचू प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा सनी सिंह, सचिन सिंह, निखिल तिवारी, नीलानी सिन्हा सहित जिला कांग्रेस कमेटी के कई नेता और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से अपनी मांगों को रखते हुए चुनावी पारदर्शिता, मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

 

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।