tragic-accident-gwalior-truck-crushes-devotees

ग्वालियर में दर्दनाक हादसा: श्रद्धालुओं को कुचलते हुए मंदिर के गेट तक पहुंचा ट्रक, 13 की मौत

Share
Link copied
tragic-accident-gwalior-truck-crushes-devotees
tragic-accident-gwalior-truck-crushes-devotees

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नवरात्रि के दौरान शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं के साथ दर्दनाक हादसा हुआ। धान से लदा एक ट्रक बेकाबू होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गया। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, हादसे के बाद कुल 39 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें 13 को मृत घोषित कर दिया गया। घायलों में पांच से छह लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। कुछ लोगों को फ्रैक्चर भी हुआ है, जबकि अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, छिनोर की ओर से शीतला माता मंदिर आने वाली सड़क पर ढलान है। इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। रात करीब 1:30 बजे धान से लदे ट्रक को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए गए थे। बताया गया कि ट्रक बैरिकेड तोड़ते हुए ढलान पर बेकाबू हो गया और मंदिर की बाहरी दीवार व गेट से जा टकराया। इस दौरान सड़क पर मौजूद कई श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आ गए।

Durga puja
Advertisement

ग्वालियर की कलेक्टर रुचिका चौहान के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और अन्य वाहनों को मौके पर रवाना किया गया। घायलों की स्थिति का आकलन करने के लिए सीटी स्कैन और एक्स-रे समेत जरूरी जांच कराई जा रही है, ताकि उन्हें उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

नवरात्रि के दौरान मंदिर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग और पुलिस चेकपॉइंट मौजूद होने के बावजूद भारी वाहन वहां तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। ट्रक में तकनीकी खराबी की आशंका की पड़ताल के लिए आरटीओ की टीम को भी लगाया गया है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि ट्रक अनियंत्रित क्यों हुआ और प्रतिबंधित मार्ग पर बैरिकेड तोड़कर आगे कैसे बढ़ा। प्रशासन हादसे के कारणों के साथ-साथ मौके पर की गई सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा कर रहा है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।