कोलेबिरा में 1.712 किलो गांजा के साथ क्रेन चालक और सहयोगी गिरफ्तार

सिमडेगा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोलेबिरा पुलिस ने 1 किलो 712.33 ग्राम गांजा के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में क्रेन चालक और उसका सहयोगी शामिल है। पुलिस ने गांजा के अलावा क्रेन, दो मोबाइल फोन और 3,550 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की शाम कोलेबिरा थाना प्रभारी देवीदास मुर्मू पुलिस बल के साथ गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान ओडिशा नंबर की क्रेन (OD14AM-2694) को लापरवाही से चलते देखा गया। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया तो चालक कथित तौर पर क्रेन लेकर भागने लगा। गश्ती दल ने पीछा कर कोलेबिरा ब्लॉक गेट के सामने वाहन को रोक लिया।
क्रेन की तलाशी के दौरान सफेद झोले में रखी नीली प्लास्टिक के अंदर दो काली पॉलीथिन से 1.709 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं, चालक की जेब में रखे पारदर्शी प्लास्टिक पाउच से 3.33 ग्राम गांजा मिला। पुलिस के मुताबिक, कुल बरामद गांजे का वजन 1 किलो 712.33 ग्राम है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सिवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी अमित कुमार यादव (26) और जमशेदपुर के मानगो निवासी देवेंद्र यादव (45) के रूप में हुई है। अमित कुमार यादव क्रेन चालक है, जबकि देवेंद्र यादव को उसका सहयोगी चालक बताया गया है।
इस मामले में कोलेबिरा थाना कांड संख्या 72/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
सिमडेगा पुलिस ने आम लोगों से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी से दूर रहने की अपील की है। साथ ही, ऐसी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने का आग्रह करते हुए अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

दिल्ली के स्कूल में 12वीं की छात्रा की जलने से मौत, सुसाइड नोट मिलने से जांच तेज
नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर इलाके में एक स्कूल के अंदर 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की…

रांची में दुर्गा पूजा के तोरण द्वार अब तक नहीं हटे, उपायुक्त ने दिए तत्काल हटाने के निर्देश
रांची: दुर्गा पूजा समाप्त होने के बाद भी रांची शहर के कई इलाकों में तोरण द्वार और बांस की अस्थायी संरचनाएं नहीं…
















