कुएं से मिला 30 वर्षीय महिला का शव, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के धुमाडीह में कुएं से 30 वर्षीय महिला गुड़िया देवी का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला 23 अक्टूबर की शाम से लापता थी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मिली जानकारी के अनुसार, गुड़िया देवी 23 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे अपने बच्चों को खाना देने के बाद शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने नवलशाही थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी दौरान खेत में काम करने गए कुछ ग्रामीणों की नजर कुएं में पड़े महिला के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान गुड़िया देवी के रूप में की।
मृतका के जेठ त्रिलोकी दास ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने क्षेत्र में जंगलों के आसपास अवैध शराब की बिक्री और सेवन का आरोप लगाते हुए शक जाहिर किया कि महिला की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया होगा। हालांकि, हत्या के संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलने पर नवलशाही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
नवलशाही थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की हत्या हुई है या कुएं में गिरने से उसकी मौत हुई। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

रांची के सुकुरहुटू में ‘मन की बात’ सुनेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को रांची के सुकुरहुटू स्थित बिरसा मंडप अखाड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी…

रांची सहित पूरे झारखंड में आज साफ और सुहावना मौसम, सुबह हल्की ठंडक रहेगी
रांची: झारखंड में आज रविवार को मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने वाला है। रांची समेत राज्य के अधिकांश इलाकों…
















