koderma-discussion-jumping-well-dispute-wife

कोडरमा : पत्नी से विवाद के बाद कुएं में कूदने की चर्चा, इलाज के दौरान युवक की मौत; पिता ने बताया हादसा

Share
Link copied

कोडरमा: जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के पेठियाबागी में गुरुवार रात कुएं में डूबने से 35 वर्षीय दीपक साव उर्फ कल्लू साव की मौत हो गई। परिजन और ग्रामीणों ने उसे कुएं से निकालकर पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद युवक की मौत के कारण को लेकर अलग-अलग बातें सामने आई हैं। ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार रात करीब नौ बजे राशन दुकान बंद कर घर लौटने के बाद कल्लू साव का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद गुस्से में उसके घर के आंगन में स्थित कुएं में छलांग लगाने की बात कही जा रही है।

RKDF
advertisement

ग्रामीणों के मुताबिक, कल्लू को तैरना आता था और वह पहले भी गुस्से में इसी कुएं में कूद चुका था। उस समय वह खुद कुएं से बाहर निकल आया था। गुरुवार रात भी काफी देर तक जब वह कुएं से बाहर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से कुएं में उसकी तलाश की गई। वह पानी में स्थिर मिला, जिसके बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया।

पिता ने कहा- पैर फिसलने से कुएं में गिरा

वहीं, मृतक के पिता छोटन साव ने घटना को हादसा बताया है। उनका कहना है कि दुकान से घर लौटने के बाद कल्लू कुएं के पास हाथ-पैर धोने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।

इस तरह घटना को लेकर पिता के बयान और ग्रामीणों की ओर से सामने आई जानकारी में अंतर है। फिलहाल पुलिस ने किसी भी संभावना को अंतिम नहीं माना है।

Advertisment
Advertisment

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने के बाद जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की है। पुलिस हादसे में कुएं में गिरने और विवाद के बाद कुएं में छलांग लगाने, दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।