important-meeting-hemant-cabinet-more-than

हेमंत कैबिनेट की अहम बैठक, तीन दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

Share
Link copied
important-meeting-hemant-cabinet-more-than
important-meeting-hemant-cabinet-more-than

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज (मंगलवार, 27 अक्टूबर) दोपहर तीन बजे झारखंड मंत्रालय के प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में राज्य कैबिनेट की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में तीन दर्जन से अधिक कल्याणकारी और प्रशासनिक प्रस्तावों पर चर्चा होने तथा कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर मुहर लगने की संभावना है।

मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार बैठक प्रोजेक्ट भवन में निर्धारित है। इससे पहले कैबिनेट की दो बैठकें स्थगित हो चुकी थीं—एक बार मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री के निधन के कारण और दूसरी बार मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन के स्वास्थ्य बिगड़ने तथा उनके निधन के कारण। लगभग दो महीने के अंतराल के बाद हो रही यह बैठक कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार सीएमओ को तीन दर्जन से अधिक प्रस्ताव भेजे गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं, इनमें विधानसभा का शीत सत्र बुलाने संबंधी प्रस्ताव, सचिवालय कर्मियों के लिए संशोधित नियमावली, जेपीएससी के अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति/पुनर्गठन और सरकारी कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों को दूर करने से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।

इसके अलावा किसानों के हित में एक बड़ा कल्याणकारी प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने आने की उम्मीद है। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग की ओर से धान खरीद पर राज्य सरकार का बोनस 84 रुपये से बढ़ाकर 109 रुपये प्रति क्विंटल करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य के साथ जोड़ने पर किसानों को सामान्य धान पर 2550 रुपये तथा ग्रेड-ए धान पर 2570 रुपये प्रति क्विंटल मिलने का रास्ता साफ हो सकता है। इस बार धान खरीद का लक्ष्य 40 लाख क्विंटल रखा गया है और बोनस भुगतान के लिए लगभग 43.60 करोड़ रुपये की जरूरत का आकलन किया गया है।

कैबिनेट बैठक में विकास योजनाओं, प्रशासनिक सुधारों और जनहित से जुड़े अन्य प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। बैठक के बाद लिए गए निर्णयों की आधिकारिक जानकारी जारी होने पर और स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। राज्य सरकार की ओर से कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देने का दावा किया जा रहा है, इसलिए आज की बैठक में किसानों, कर्मचारियों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर फोकस रहने की उम्मीद है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।