चक्रवात ‘अर्नब’ का असर: रांची में 28 से 30 अक्टूबर तक ओरेंज अलर्ट, प्रशासन ने जारी किए निर्देश

रांची: चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से रांची में 28 से 30 अक्टूबर तक लगातार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर सतर्कता बढ़ा दी है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री ने सभी संबंधित विभागों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
प्रशासन के अनुसार, लगातार बारिश से शहर के निचले इलाकों और सड़कों पर जलजमाव हो सकता है। नदियों और बड़े नालों का जलस्तर बढ़ने के साथ निचले क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। वहीं, कच्चे मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंच सकता है। खेतों में पानी जमा होने से खड़ी फसलों पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की संभावना है।
उपायुक्त ने आपदा प्रबंधन, राजस्व, नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत और जल संसाधन सहित संबंधित विभागों को 28 से 30 अक्टूबर तक लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है। निचले इलाकों, जलजमाव वाले क्षेत्रों, नदियों और बड़े नालों की नियमित निगरानी करने को कहा गया है।
नगर निकायों को सड़कों और नालियों की सफाई के साथ जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है। कच्चे मकानों और कमजोर संरचनाओं वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। किसानों को भी जलजमाव से फसलों को बचाने के लिए जरूरी सलाह देने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन की सलाह का पालन करें। बारिश और गरज-चमक के दौरान पक्के मकान या सुरक्षित स्थान पर शरण लें। तेज हवा के दौरान पुराने पेड़ों, बिजली के खंभों और होर्डिंग्स से दूर रहें तथा इनके नीचे वाहन पार्क न करें।
प्रशासन ने जलजमाव वाली सड़कों पर वाहन चलाने से बचने, नदियों और नालों के पास नहीं जाने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। आंधी-तूफान के दौरान बिजली के उपकरणों को सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर मुख्य स्विच बंद करने को भी कहा गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। परिस्थितियों के अनुसार आगे आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे।

चक्रवात ‘अर्नब’ होगा और भी शक्तिशाली, 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने की आशंका, 115 से 125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
चक्रवात ‘अर्नब’ बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार, चक्रवाती तूफान…
सिमडेगा में 250 एकड़ में हो रही मड़ुवा की खेती, महिला उद्यमिता और पर्यटन विकास का उपायुक्त ने लिया जायजा
सिमडेगा: जिले में कृषि को बढ़ावा देने, ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के उद्देश्य…
















