child-journalists-identify-societal-problems-take

बाल पत्रकार समाज की समस्याओं को पहचानें और समाधान के लिए पहल करें: राज्यपाल

Share
Link copied
child-journalists-identify-societal-problems-take
child-journalists-identify-societal-problems-take

रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बाल पत्रकारों से अपने आसपास की समस्याओं को पहचानने, सही सवाल पूछने और उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल करने का आह्वान किया। वे मंगलवार को रांची के होटल रेडिसन ब्लू में यूनिसेफ की ओर से आयोजित ‘Voices of Change Conclave 2026’ को संबोधित कर रहे थे।

राज्यपाल ने कहा कि जब बच्चे अपने विचार व्यक्त करते हैं और समाज से जुड़े मुद्दों को सामने लाते हैं, तो वे सकारात्मक बदलाव के सहभागी बनते हैं। उनकी आवाज उन बच्चों की समस्याओं को भी सामने ला सकती है, जिन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिल पाता।

उन्होंने बाल विवाह, बाल श्रम, कुपोषण, शिक्षा से वंचित रहने, बच्चों के साथ हिंसा और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके समाधान के लिए सरकारी प्रयासों के साथ समाज की सोच और व्यवहार में बदलाव भी जरूरी है। उन्होंने बाल पत्रकारों को समाचार और जानकारी साझा करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करने तथा संबंधित व्यक्तियों की गरिमा और संवेदनशीलता का ध्यान रखने की सलाह दी।

राज्यपाल ने कहा कि बच्चों की आवाज सुनना जितना जरूरी है, उनकी बातों को गंभीरता से लेकर समाधान के लिए उचित कदम उठाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित पोषण, स्वास्थ्य सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए सरकार, प्रशासन, विद्यालय, परिवार और समाज को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।

उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों को सवाल पूछने, अपनी राय रखने और समस्याओं के समाधान में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल किताबी ज्ञान हासिल करने का स्थान नहीं है, बल्कि बच्चों में संवेदनशीलता, विवेक, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का केंद्र भी है।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए बच्चों और युवाओं को शिक्षित, स्वस्थ, कुशल और आत्मविश्वासी बनाना आवश्यक है। शिक्षा, नवाचार और कौशल विकास के अवसरों का विस्तार देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।

बाल पत्रकारों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपनी जिज्ञासा और संवेदनशीलता बनाए रखें, जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें प्राप्त करने के लिए लगातार मेहनत करें। उन्होंने बच्चों से कहा, “I have a great goal. I will work hard and I will achieve it.” यानी मेरा एक बड़ा लक्ष्य है। मैं मेहनत करूंगा और उसे हासिल करूंगा। राज्यपाल ने विश्वास जताया कि बच्चों की लगन, मेहनत और दृढ़ संकल्प उन्हें सफलता की ओर ले जाएंगे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।