पतरातू पर्यटन परियोजना को मिला ‘द वीक हेरिटेज अवॉर्ड’, झारखंड को राष्ट्रीय पहचान

रांची/नई दिल्ली: झारखंड की पतरातू पर्यटन परियोजना को प्रतिष्ठित ‘द वीक हेरिटेज अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। प्राकृतिक सौंदर्य, मनोरम घाटियों और विशाल जलाशय के लिए प्रसिद्ध पतरातू को पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के प्रयासों को इस सम्मान के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार और पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।
पतरातू अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के साथ पर्यटकों के लिए विकसित की गई सुविधाओं के कारण भी आकर्षण का केंद्र बन रहा है। पतरातू जलाशय में नौकायन, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और म्यूजिकल फाउंटेन जैसी सुविधाएं पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। पर्यटन परियोजना के विकास से इस क्षेत्र की पहचान एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में मजबूत हो रही है।
झारखंड सरकार राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रयास कर रही है। इसके तहत प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने, पर्यटकों के अनुभव को आकर्षक बनाने और स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
पर्यटन विभाग का लक्ष्य पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करना है। पर्यटन गतिविधियों से होटल, खान-पान, परिवहन, स्थानीय उत्पादों और अन्य सेवाओं के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। इससे स्थानीय युवाओं और समुदायों को आजीविका के नए साधन उपलब्ध हो सकते हैं।
इस उपलब्धि पर विभागीय सचिव मुकेश कुमार और पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा ने परियोजना के विकास से जुड़े अधिकारियों, स्थानीय प्रशासन और सभी सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मान झारखंड के अन्य पर्यटन स्थलों के विकास और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी गति देगा।
पतरातू पर्यटन परियोजना को मिला यह सम्मान झारखंड में पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने के साथ राज्य को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ आज तड़के 2 से 4 बजे के बीच आंध्र प्रदेश तट से टकराने की संभावना, 125-135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ (Arnab) तेजी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है।…

परिवार नियोजन सामग्री की उपलब्धता में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, 15 दिनों में सुधार का निर्देश
रांची: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड ने परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा नहीं करने वाले जिलों और…
















