लक्ष्मीकांत मुंडा हत्याकांड : एक सप्ताह में गिरफ्तारी नहीं हुई तो भाजपा करेगी आंदोलन : समीर उरांव

रांची: आदिवासी राजस्व कर्मचारी लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के मामले में भाजपा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पार्टी ने पुलिस को एक सप्ताह के भीतर हत्याकांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया है। गिरफ्तारी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव ने कहा कि लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की विफलता का परिणाम है। उन्होंने हत्या के पीछे सोची-समझी साजिश होने की आशंका भी जताई।
समीर उरांव ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की ओर से गठित छह सदस्यीय जांच कमेटी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के माता-पिता, बहन, पत्नी तथा आसपास के लोगों से बातचीत की। जांच के दौरान मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मीकांत मुंडा सरल, मिलनसार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। उनका किसी से कोई विवाद नहीं था।
उन्होंने आशंका जताई कि लक्ष्मीकांत मुंडा पर किसी गलत या गैरकानूनी काम को करने का दबाव बनाया जा रहा था। हत्या वाले दिन कार्यालय से उन्हें बार-बार फोन किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उन्हें इतनी बार फोन क्यों किया जा रहा था। इस पहलू की जांच जरूरी है। साथ ही उन्होंने हत्या में किसी परिचित व्यक्ति की भूमिका होने की आशंका जताते हुए पुलिस से सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच करने की मांग की।
उरांव ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में आदिवासी, मूलवासी, महिलाएं और व्यवसायी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध नियंत्रण के बजाय अवैध खनन और वसूली में व्यस्त है। लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के कई दिन बीत जाने के बावजूद अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होना चिंताजनक है। पुलिस को जल्द अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक सप्ताह के भीतर गिरफ्तारी नहीं हुई तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
समीर उरांव ने बताया कि भाजपा की जांच कमेटी अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को सौंप चुकी है। इसके बाद कमेटी के सदस्य डीजीपी से मुलाकात कर मामले में त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करेंगे। प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रितेश उरांव, अशोक मुंडा और अर्जुन मुंडा उपस्थित थे।

स्वामी दयानंद सरस्वती की वैचारिक विरासत को सहेजने की जरूरत, सिमडेगा में पहचान का संकट
सिमडेगा: महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती ने अंधविश्वास, सामाजिक कुरीतियों और रूढ़िवादी परंपराओं के खिलाफ आवाज उठाकर समाज सुधार की नई चेतना जगाई…

300 करोड़ के बैंक फ्रॉड मामले में कोहिनूर स्टील पर ED का शिकंजा, चांडिल से कोलकाता तक 20 ठिकानों पर छापेमारी
66 मेगावाट थर्मल पावर प्लांट लगाने के नाम पर करीब 900 करोड़ रुपये का लिया गया था कर्ज, राशि दूसरी कंपनियों और…

















