renting-car-keeping-it-another-three

किराये पर गाड़ी लेकर दूसरे के पास रखते थे गिरवी, चार कारों के साथ तीन गिरफ्तार

Share
Link copied
renting-car-keeping-it-another-three
renting-car-keeping-it-another-three

रांची: किराये पर गाड़ी लेने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक संगठित गिरोह का रांची पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के सदस्य वाहन मालिकों को अधिक किराया देने का लालच देकर उनकी गाड़ियां एग्रीमेंट पर लेते थे। शुरुआत में एक-दो महीने तक किराया देने के बाद गाड़ियों को दूसरे लोगों के पास मोटी रकम लेकर बंधक रख देते थे। इसके बाद वाहन मालिकों को किराया देना बंद कर उनसे संपर्क भी तोड़ लेते थे। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चार कारें और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को ओरमांझी थाना क्षेत्र के हरचंडा निवासी सनी कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि विश्वजीत कुमार सिंह, ज्योति कुमारी और मनोज कुमार ने किराये पर लेने की बात कहकर उनकी दो कारें फॉर्च्यूनर और सेल्टोस ले ली थीं। बाद में पता चला कि तीनों इसी तरह लोगों से वाहन लेकर धोखाधड़ी करने वाले संगठित गिरोह का संचालन कर रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अनुसंधान में सामने आया कि गिरोह रांची और आसपास के क्षेत्रों के वाहन मालिकों को अधिक किराया देने का झांसा देकर उनकी चारपहिया गाड़ियां किराये पर लेता था। कुछ समय तक किराया देने के बाद वाहनों को दूसरे लोगों के पास बंधक रखकर मोटी रकम वसूलता था।

पुलिस जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी विश्वजीत कुमार सिंह ने रातू रोड स्थित प्रार्थना हाईट्स, मॉल ऑफ रांची के बगल में ‘शुभ यात्रा ट्रैवल्स’ नाम से कार्यालय खोल रखा था। इसी ट्रैवल्स कंपनी के माध्यम से वाहन मालिकों से गाड़ियां किराये पर ली जाती थीं। बाद में उन्हें दूसरे लोगों के पास ऊंची रकम लेकर बंधक रख दिया जाता था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विश्वजीत कुमार सिंह उर्फ विक्की, उसकी पत्नी ज्योति कुमारी और मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तीनों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर फॉर्च्यूनर के अलावा तीन अन्य कारें बरामद की गई हैं। हालांकि, गिरोह में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी और बाकी वाहनों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों में विश्वजीत कुमार सिंह उर्फ विक्की (35 वर्ष), निवासी मूल रूप से मुंगेर, बिहार और वर्तमान पता त्रिवेणीपुरम सोसाइटी, खेलगांव, रांची शामिल है। दूसरा आरोपी मनोज कुमार (36 वर्ष) मूल रूप से गढ़वा का रहने वाला है और वर्तमान में धुर्वा स्थित जेपी मार्केट में रहता है। तीसरी आरोपी ज्योति कुमारी (34 वर्ष) विश्वजीत की पत्नी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से टोयोटा फॉर्च्यूनर (JH01CZ 6468), मारुति कार (JH01GD 8234), मारुति फ्रॉन्क्स (JH01FM 8452), बिना नंबर की नई बलेनो कार, छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विश्वजीत कुमार सिंह उर्फ विक्की का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ रांची के नामकुम, कांके और ओरमांझी थाना सहित बिहार के मुंगेर जिले में कुल नौ मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। इन मामलों में आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट और अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं।

वहीं, दूसरे आरोपी मनोज कुमार के खिलाफ बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाने में उत्पाद अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत एक मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। मामले में पुलिस आगे की जांच और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।