suggested-stoppage-trains-namkum-piska-during

रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के दौरान नामकुम और पिस्का में ट्रेनों के ठहराव का सुझाव, चैंबर ने डीआरएम से की मुलाकात

Share
Link copied
suggested-stoppage-trains-namkum-piska-during
suggested-stoppage-trains-namkum-piska-during

रांची: रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा और स्टेशन के आसपास यातायात का दबाव कम करने को लेकर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को डीआरएम करुणानिधि सिंह से मुलाकात की। इस दौरान निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक यातायात व्यवस्था, ट्रेनों के ठहराव और यात्रियों की सुविधाओं पर चर्चा की गई।

चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पुराने भवन को तोड़कर नया निर्माण शुरू होने से यात्रियों और वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। इसे देखते हुए चैंबर ने सुझाव दिया कि मुरी की ओर से आने वाली ट्रेनों का ठहराव नामकुम स्टेशन और लोहरदगा की ओर से आने वाली ट्रेनों का ठहराव पिस्का स्टेशन पर करने की संभावनाओं पर विचार किया जाए। साथ ही आउटर ओवरब्रिज की ओर से वैकल्पिक आवागमन मार्ग खुला रखने का आग्रह किया।

इस पर डीआरएम करुणानिधि सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पुराने भवन को एक साथ नहीं, बल्कि चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। यात्रियों के लिए पुराने प्लेटफॉर्म के बाहर फूड प्लाजा के पास टिकट काउंटर उपलब्ध रहेगा। पार्सल कार्यालय की ओर से भी आवागमन की व्यवस्था की जाएगी। फुट ओवरब्रिज पहले की तरह चालू रहेगा।

डीआरएम ने बताया कि भविष्य में यातायात और पार्किंग की जरूरतों को देखते हुए स्टेशन के चारों ओर करीब 22 मीटर सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव है। इसके अलावा जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के खेल मैदान को भी पार्किंग स्थल में बदलने की संभावना पर विचार किया जा सकता है।

चैंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को परेशानी से बचाने और आसपास की सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए रेलवे तथा संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। डीआरयूसीसी सदस्य विवेक अग्रवाल ने कहा कि रेल मंडल की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं से यात्रियों की समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, पूजा ढाढा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य राम बांगड़ और डीआरयूसीसी सदस्य विवेक अग्रवाल शामिल थे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।