बानो और ओड़गा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग, डीआरएम ने दिया सकारात्मक आश्वासन

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: बानो के बुद्धिजीवियों एवं समाजसेवियों के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर रांची मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में पत्रकार अशोक तिवारी, समाजसेवी परमानंद सिंह, अशोक बड़ाइक तथा भाजपा नेता सुजान मुंडा के नेतृत्व में क्षेत्र के ग्रामीण शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने रांची मंडल रेल प्रबंधक मनीष गुप्ता से मुलाकात कर बानो रेलवे स्टेशन एवं ओड़गा रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बताया कि क्षेत्र की जनता को रेल यात्रा के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से स्पेशल ट्रेन मौर्य एक्सप्रेस एवं जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस का दोनों स्टेशनों पर कम से कम दो-दो मिनट का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की।
करीब 30 मिनट तक चली वार्ता के दौरान डीआरएम मनीष गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने बानो एवं ओड़गा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को देखते हुए दोनों ट्रेनों के ठहराव को लेकर जल्द सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।
डीआरएम के सकारात्मक आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने 19 जून को प्रस्तावित अनिश्चितकालीन रेलवे चक्का जाम आंदोलन को स्थगित करने की घोषणा की।
ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी सुजान मुंडा, बानो भाजपा मंडल अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह, समाजसेवी चूड़ामनी कुमार यादव, बानो मुखिया विश्वनाथ बड़ाइक, समाजसेवी सुनील कुमार सिंह, समाजसेवी सह पत्रकार अशोक तिवारी एवं बुद्धिजीवी अशोक बड़ाइक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।















