रजरप्पा की आयरन फैक्ट्री में सुबह-सुबह तीन-चार धमाके, कई किलोमीटर तक गूंजी आवाज; प्लांट बंद कर लौटाए गए कर्मचारी
चितरपुर (रामगढ़)। रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के मायल गांव स्थित शिवाय आयरन एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड में रविवार की सुबह भट्ठी में अचानक हुए जोरदार विस्फोट से आसपास का इलाका दहल उठा। एक के बाद एक तीन-चार धमाकों की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घटना के बाद फैक्ट्री में कामकाज रोक दिया गया। वहीं, कुछ मजदूरों के घायल होने की आशंका जताई गई, हालांकि कंपनी प्रबंधन ने किसी के हताहत होने से इनकार किया है।
सुबह सात बजे के करीब हुआ धमाका, दूर तक सुनाई दी आवाज
स्थानीय जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब सात बजे फैक्ट्री की भट्ठी में अचानक विस्फोट होने लगे। बताया जाता है कि तीन से चार बार हुए धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई।

प्लांट में कामकाज ठप, कर्मचारियों को लौटाया गया
हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने प्लांट बंद कर दिया। सुबह करीब नौ बजे ड्यूटी पर पहुंचे कर्मचारियों को वापस लौटा दिया गया। अचानक कामकाज बंद किए जाने से फैक्ट्री में उत्पादन प्रभावित हुआ। घटना के बाद प्लांट के भीतर की स्थिति को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
सुरक्षा मानकों को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री के मुख्य गेट पर कंपनी के नाम का बोर्ड तक नहीं लगा है। उन्होंने सुरक्षा मानकों की जांच कराने और घटना के कारणों का पता लगाने की मांग की है। इधर, प्लांट में कार्यरत एक कर्मी ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि कुछ दिन पहले मेंटेनेंस कर्मचारियों ने भट्ठी में खराबी होने की बात कही थी। कर्मियों ने खराबी दूर होने तक भट्ठी नहीं चलाने की सलाह दी थी। इसके बावजूद भट्ठी चालू किए जाने के बाद विस्फोट होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तकनीकी खराबी को बताया विस्फोट का कारण
शिवाय आयरन एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड के सुपरवाइजर गुलाम रवानी ने दूरभाष पर बताया कि भट्ठी में तकनीकी खराबी के कारण विस्फोट हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि भट्ठी में विस्फोट होने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।
फिलहाल फैक्ट्री में हुए विस्फोट को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों की मांग है कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और औद्योगिक सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली जारी, CM हेमंत सोरेन भी हुए शामिल; ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे से गूंजा दिल्ली
SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, राहुल गांधी, खरगे, ममता बनर्जी और अखिलेश…

कमर्शियल गैस सिलेंडर 10 रुपये महंगा, आज से नई दरें लागू; घरेलू गैस के दाम स्थिर
नई दिल्ली/रांची। नवंबर महीने की शुरुआत में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। तेल विपणन कंपनियों ने 19…

रांची पुलिस लाइन में ऑन ड्यूटी जुआ खेलते पकड़े गए 10 पुलिसकर्मी, SSP ने किया सस्पेंड
पुलिस लाइन परिसर में ही चल रहा था जुए का खेल, सार्जेंट मेजर की छापेमारी में रंगेहाथ पकड़े गए जवान; विभागीय कार्रवाई…

हद तो तब हो गई, जब सुरक्षाकर्मी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछ लिया- ‘कौन हैं भैया?’ दिल्ली में सड़क किनारे इंटरव्यू के दौरान हुआ हैरान करने वाला वाकया
नई दिल्ली: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जुड़ा दिल्ली का एक हैरान कर देने वाला वाकया सामने आया है। मुख्यमंत्री सड़क…


















