vehicle-wheel-stalled-15-hours-koderma

कोडरमा घाटी में 15 घंटे तक थमा रहा वाहनों का पहिया, 25 किलोमीटर तक लगी कतार

Share
Link copied
vehicle-wheel-stalled-15-hours-koderma
vehicle-wheel-stalled-15-hours-koderma

कोडरमा: रांची-पटना मार्ग की लाइफलाइन कही जाने वाली कोडरमा घाटी में वाहनों का परिचालन करीब 15 घंटे तक ठप रहा। रविवार शाम से सोमवार सुबह तक लगे भीषण जाम के कारण घाटी में करीब 25 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। हजारों यात्री पूरी रात सड़क पर फंसे रहे। इस दौरान एनएचएआई का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिसे लेकर यात्रियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9 बजे नवां माइल घाटी के पास एक ट्रेलर और ट्रक खराब हो गए थे। इन्हें किसी तरह हटाकर आवागमन शुरू कराया गया। लेकिन शाम करीब 4 बजे जमसोती नाला के पास एक ट्रक का टायर फट गया। ट्रक बीच घाटी में ही फंस गया। पहले से जर्जर सड़क, जगह-जगह बने गड्ढों और सड़क किनारे की खराब स्थिति के कारण वाहनों को निकलने का रास्ता नहीं मिला। देखते ही देखते घाटी के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

कोडरमा घाटी में 15 घंटे तक थमा रहा वाहनों का पहिया, 25 किलोमीटर तक लगी कतार

जाम में बिहार से रांची आने-जाने वाले बड़ी संख्या में वाहन फंसे रहे। कई वाहन चालकों को रास्ता बदलकर पटना-गया-बरही के रास्ते सफर करना पड़ा। वहीं, बसों और अन्य वाहनों में सवार महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग पूरी रात भूखे-प्यासे परेशान रहे।

जाम की सूचना पर कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी रात घाटी में रहकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया। क्रेन की मदद से खराब वाहनों को हटवाया गया। साथ ही जाम में फंसे यात्रियों के लिए पेयजल आदि की व्यवस्था भी कराई गई। पुलिस की लगातार मशक्कत के बाद सोमवार सुबह करीब 7 बजे वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका।

कोडरमा घाटी में 15 घंटे तक थमा रहा वाहनों का पहिया, 25 किलोमीटर तक लगी कतार

कोडरमा घाटी से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद घाटी की सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। जगह-जगह गहरे गड्ढे और टूटे हिस्सों के कारण वाहन अक्सर दुर्घटनाग्रस्त या खराब हो जाते हैं। ऐसे में बीच सड़क पर किसी एक वाहन के खराब होने से पूरा यातायात प्रभावित हो जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनएचएआई की ओर से सड़क की नियमित मरम्मत और जाम से निपटने के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।