15-year-old-tribal-girl-sold

नौकरी का झांसा देकर 15 वर्षीय आदिवासी किशोरी को राजस्थान में 20 हजार रुपये में बेचा, जबरन कराई शादी

Share
Link copied

गुमला के बिशुनपुर की किशोरी को दिल्ली ले जाकर काम पर लगाया, फिर राजस्थान में अधेड़ व्यक्ति के हाथों बेचने का आरोप; मारपीट और यौन शोषण से परेशान होकर भागी पीड़िता

गुमला: झारखंड के गुमला जिले में मानव तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया है। बिशुनपुर प्रखंड की 15 वर्षीय आदिवासी किशोरी को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दिल्ली ले जाने और फिर राजस्थान में 45 वर्षीय व्यक्ति के हाथों कथित तौर पर 20 हजार रुपये में बेचने का आरोप है। आरोप है कि किशोरी को राजस्थान में जबरन शादी के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और लगातार यौन शोषण किया जाता था। किसी तरह आरोपित के चंगुल से निकलकर किशोरी अपने गांव पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता के पिता ने विशुनपुर थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

नौकरी का झांसा देकर 15 वर्षीय आदिवासी किशोरी को राजस्थान में 20 हजार रुपये में बेचा, जबरन कराई शादी

नौकरी का झांसा देकर दिल्ली ले गई महिला

पीड़िता के पिता के अनुसार, जुलाई माह में बिशुनपुर प्रखंड के बिरीटोली निवासी जतरी उरांव उनकी बेटी को अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर दिल्ली ले गई थी। वहां किशोरी को कथित मानव तस्कर सुनीता लोहरा के घर पर छोड़ दिया गया। इसके बाद किशोरी को दिल्ली की एक चाल में काम पर लगाया गया। आरोप है कि सितंबर माह में सुनीता लोहरा किशोरी को राजस्थान ले गई, जहां उसे 45 वर्षीय एक व्यक्ति के हाथों 20 हजार रुपये में बेच दिया गया। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने किशोरी को अपने घर में ही जबरन शादी के लिए मजबूर किया।

नौकरी का झांसा देकर 15 वर्षीय आदिवासी किशोरी को राजस्थान में 20 हजार रुपये में बेचा, जबरन कराई शादी

विरोध करने पर मारपीट और यौन शोषण का आरोप

किशोरी के मुताबिक, राजस्थान पहुंचने के बाद उसकी जिंदगी मुश्किल हो गई। अधेड़ व्यक्ति ने जबरन शादी कर ली और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि व्यक्ति लगातार उसका यौन शोषण करता था। इस दौरान किशोरी को कथित तौर पर आरोपी के घर में रहने के लिए मजबूर किया गया। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने वहां से भागने का मौका तलाशना शुरू कर दिया।

दो हजार रुपये लेकर भागी किशोरी, ट्रेन से पहुंची रांची

पीड़िता के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले रात में मौका पाकर वह घर से दो हजार रुपये लेकर भाग निकली। वहां से बस के जरिए दिल्ली पहुंची और फिर ट्रेन से रांची आई। रांची पहुंचने के बाद वह गुमला होते हुए अपने गांव लौटी। घर पहुंचने के बाद किशोरी ने परिजनों को अपने साथ हुई पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार ने मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस से संपर्क किया।

थाना में आवेदन, त्रुटियां सुधारने के बाद दर्ज होगा मामला

पीड़िता के पिता ने विशुनपुर थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। विशुनपुर थाना प्रभारी अर्जुन कुमार यादव ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन में कुछ त्रुटियां हैं, जिन्हें परिजनों से सुधार कराने को कहा गया है। थाना प्रभारी के अनुसार, आवेदन में सुधार होने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। इसके बाद जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग आदिवासी किशोरी के कथित अपहरण, मानव तस्करी, जबरन शादी और यौन शोषण के इस मामले ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों की बच्चियों को नौकरी का झांसा देकर दूसरे राज्यों में ले जाने वाले गिरोहों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इसे भी पढ़ें
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा मोरहाबादी से होगी शुरू, जुटने लगे भाजपा कार्यकर्ता
इसे भी पढ़ें

‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा मोरहाबादी से होगी शुरू, जुटने लगे भाजपा कार्यकर्ता

रांची: राजधानी रांची में भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा…

कोडरमा घाटी में 15 घंटे तक थमा रहा वाहनों का पहिया, 25 किलोमीटर तक लगी कतार
इसे भी पढ़ें

कोडरमा घाटी में 15 घंटे तक थमा रहा वाहनों का पहिया, 25 किलोमीटर तक लगी कतार

कोडरमा: रांची-पटना मार्ग की लाइफलाइन कही जाने वाली कोडरमा घाटी में वाहनों का परिचालन करीब 15 घंटे तक ठप रहा। रविवार शाम…

आज रांची आएंगे CJI सूर्यकांत, झारखंड हाईकोर्ट में 35 करोड़ के डाटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन
इसे भी पढ़ें

आज रांची आएंगे CJI सूर्यकांत, झारखंड हाईकोर्ट में 35 करोड़ के डाटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन

न्यायिक व्यवस्था के डिजिटलीकरण को मिलेगी नई मजबूती, हाईकोर्ट की नई वेबसाइट और छह डिजिटल सुविधाओं का भी होगा शुभारंभ रांची। भारत…

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।