भारत-पाक सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका, ट्रेन गुजरने के 45 मिनट बाद हुआ ब्लास्ट

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाके की घटना सामने आई है। रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेललाइन पर हुए विस्फोट से रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके के कारण पटरियों के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा भी बन गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 9:45 बजे अनूपगढ़ कस्बे के 50 जीबी गांव के पास यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि अनूपगढ़-सूरतगढ़ पैसेंजर ट्रेन के गुजरने के करीब 45 मिनट बाद रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ। गनीमत रही कि ट्रेन के गुजरने के बाद घटना हुई, जिससे किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के लिए एटीएस, सीआईडी, डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीमों को भी बुलाया गया। एजेंसियां घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर धमाके की प्रकृति और उसके कारणों का पता लगाने में जुटी हैं। एहतियात के तौर पर इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह छह बजे तक इस लाइन से गुजरने वाली ट्रेनों को रद्द किया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल इसे बम ब्लास्ट करार देने से इनकार किया है। उनका कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और एफएसएल व एटीएस की टीमें जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि धमाका किस वजह से हुआ और इसके पीछे किसी की साजिश थी या नहीं।
धमाके के पीछे असामाजिक तत्वों अथवा देश विरोधी ताकतों की भूमिका की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि, अभी तक किसी संगठन या व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने हाल में पकड़े गए विस्फोटक से इस घटना का संबंध होने की संभावना से भी इनकार किया है। फिलहाल सीमावर्ती क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

CRPF के नाम ऐतिहासिक उपलब्धि, एक साल में ऑपरेशन के दौरान नहीं गई किसी जवान की जान, 47 साल बाद बना ऐसा रिकॉर्ड
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने अपने इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बल ने लगातार 12 महीने तक ऑपरेशनल…
33 फीसदी वन आवरण वाला सिमडेगा, फिर भी जैव विविधता के संरक्षण पर मंडरा रहा खतरा
सिमडेगा: घने जंगल, पहाड़ियां, नदियां और समृद्ध प्राकृतिक जैव विविधता सिमडेगा जिले की विशिष्ट पहचान हैं। आदिवासी बहुल इस जिले में जंगल,…

















