smuggling-bovine-animals-exposed-simdega-two

सिमडेगा में गौवंशीय पशुओं की तस्करी का खुलासा, 13 पशुओं के साथ दो गिरफ्तार

Share
Link copied
smuggling-bovine-animals-exposed-simdega-two
smuggling-bovine-animals-exposed-simdega-two

सिमडेगा: जिले में गौवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिमडेगा पुलिस ने 13 गौवंशीय पशुओं को बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे महिंद्रा बोलेरो पिकअप और स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त किया है। वहीं, इस मामले में शामिल अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

सिमडेगा में गौवंशीय पशुओं की तस्करी का खुलासा, 13 पशुओं के साथ दो गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी से कुरडेग-किनकेल रोड होते हुए एक पिकअप में गौवंशीय पशुओं को क्रूरतापूर्वक लादकर सिमडेगा ले जाया जा रहा है। पिकअप के आगे एक स्कॉर्पियो वाहन चल रहा था, जो एस्कॉर्ट कर रहा था।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने केरसई थाना क्षेत्र के बासेन महतो टोली के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने काले रंग की स्कॉर्पियो और सफेद रंग की पिकअप को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही दोनों वाहनों में सवार लोग भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए।

सिमडेगा में गौवंशीय पशुओं की तस्करी का खुलासा, 13 पशुओं के साथ दो गिरफ्तार

वाहनों की तलाशी लेने पर पिकअप से 13 गौवंशीय पशु बरामद हुए। सभी पशुओं को क्रूरतापूर्वक बांधकर वाहन में ठूंसकर लादा गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महताब खान उर्फ नूतन (23 वर्ष), निवासी साईटांगर टोली, थाना लोदाम और सगीर खान उर्फ सोनू खान (35 वर्ष), निवासी दर्रापाड़ा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।

इस मामले में केरसई थाना कांड संख्या 30/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता, झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सिमडेगा पुलिस ने आम लोगों से गौवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी और पशु क्रूरता से संबंधित किसी भी सूचना को नजदीकी थाना या पुलिस को देने की अपील की है।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।