सोहराय पर्व मनाने निकले दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, NH-220 पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
रघुनाथपुर के पास देर रात हुआ भीषण हादसा, एक ने मौके पर तोड़ा दम, दूसरे की अस्पताल में मौत; दोनों युवक बीजाडीह गांव के रहने वाले थे
राजनगर (सरायकेला-खरसावां): सोहराय पर्व की खुशियां मनाने घर से निकले दो दोस्तों की जिंदगी का सफर सड़क हादसे में खत्म हो गया। राजनगर थाना क्षेत्र के NH-220 मुख्य मार्ग पर रघुनाथपुर के समीप गुरुवार देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान बीजाडीह गांव निवासी रौनक लुगुन उर्फ गोलू (17) और गुलशन सुंडी के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11:30 बजे सड़क दुर्घटना की सूचना 108 एंबुलेंस (108 Ambulance Service) को दी गई। सूचना पर राजनगर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। वहां एक युवक दम तोड़ चुका था, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल था। घायल युवक को तत्काल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (Community Health Centre) ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

सोहराय मनाने दोस्तों के साथ निकला था रौनक
अस्पताल पहुंची रौनक उर्फ गोलू की मां ने बताया कि वह कक्षा नौवीं का छात्र था और नेता तिरिल स्कूल में पढ़ाई करता था। गुरुवार को जामडीह में आयोजित सोहराय पर्व में शामिल होने के लिए वह दोस्तों के साथ घर से निकला था। बताया गया कि स्कूटी में पेट्रोल भरवाने के लिए दोनों युवक मुख्य सड़क की ओर आए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी जब्त की
हादसे में शामिल दोपहिया वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर JH 22H 2751 बताया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटना हुई। हालांकि, टक्कर मारने वाले वाहन और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

दो परिवारों में पसरा मातम
इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। रौनक अभी महज 17 साल का था और नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। उसके भविष्य को लेकर परिवार ने कई सपने संजोए थे। वहीं गुलशन सुंडी की मौत से भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सोहराय पर्व की खुशियां मनाने निकले दोनों दोस्तों की मौत से बीजाडीह गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल राजनगर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
अपराध की दुनिया में ‘अपाचे’ बाइक का हो रहा इस्तेमाल ! लूट, छिनतई और बैंक डकैती में पुलिस ने कई जगह जब्त की अपाचे मोटरसाइकिल ?
झारखंड के कई जिलों में वारदातों के दौरान सामने आया TVS Apache का नाम, कहीं बैंक लूट तो कहीं राह चलते लोगों…

आम्रपाली कोल परियोजना में गोलीबारी के बाद राहुल दुबे गैंग के नाम से धमकी भरा पत्र वायरल, अक्षय-आदित्य को चेतावनी
एवीएस इंटरप्राइजेज के कार्यालय को बनाया गया निशाना, चिट्ठी में लिखा- अगली बार खोपड़ी खोल देंगे; कोयला ट्रांसपोर्टिंग से जुड़ा मामला टंडवा…
ट्रक के सामने लाठी लेकर पहुंचे ट्रैफिक सिपाही, रांची में सड़क पर दिखा पुलिसिंग का अलग अंदाज!


















