double-murder-lohardaga-husband-gets-enraged

लोहरदगा में डबल मर्डर: पत्नी को प्रेमी के साथ बेडरूम में देख भड़का पति, टांगी से काटकर दोनों की हत्या

Share
Link copied

भंडरा थाना क्षेत्र के कुंबा टोली की घटना, पटना से मिलने आया था युवक; आरोपी पति गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल टांगी जब्त

लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली दोहरी हत्या (Double Murder) की घटना सामने आई है। भंडरा थाना क्षेत्र के कुंबा टोली बस्ती में रविवार देर रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की टांगी से हमला कर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान पूजा देवी और रोहित लहेरी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पटना से प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक

मिली जानकारी के अनुसार, कुंबा टोली निवासी सोनू लहेरी की 28 वर्षीय पत्नी पूजा देवी की पहचान बिहार के पटना जिले के बाढ़ निवासी रोहित लहेरी से हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच फेसबुक के माध्यम से संपर्क हुआ था। धीरे-धीरे उनकी नजदीकियां बढ़ीं और कथित तौर पर प्रेम संबंध बन गए। रविवार को रोहित अपनी प्रेमिका पूजा से मिलने पटना से लोहरदगा पहुंचा था। देर रात सोनू ने दोनों को घर के बेडरूम में एक साथ देख लिया।

गुस्से में उठाई टांगी, दोनों पर किया हमला

रिपोर्टों के मुताबिक, पत्नी को कथित प्रेमी के साथ देखने के बाद सोनू आपा खो बैठा। उसने घर में रखी धारदार टांगी से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में पूजा और रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की भयावहता से आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने हथियार किया जब्त

दोहरी हत्या की सूचना मिलने के बाद भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी भी जब्त कर ली है। भंडरा थाना प्रभारी मनोज गुप्ता के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।फिलहाल इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

ABOUT THE AUTHOR
रिक्की राज

रिक्की राज

रिपोर्टर

रिक्की राज को पिछले दस वर्षों का मीडिया के क्षेत्र का अनुभव है । इस दौरान पांच वर्षो से इन्होंने डिजिटल मीडिया के लिए इन्होंने कई बड़ी खबरों का कवरेज किया है ।